UP Ki Taja Khabar: संपत्ति विवाद पर बहस, बाप ने लोहे की छड़ से वार कर बेटे को मारा, भतीजे ने चाचा की ली जान
By भाषा | Updated: May 21, 2020 20:09 IST2020-05-21T20:09:16+5:302020-05-21T20:09:16+5:30
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और शामली में दो लोगों की हत्या हो गई। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पिता ने पुत्र को मार डाला तो भतीजे ने संपत्ति को लेकर चाचा की हत्या कर दी।

एसएचओ ने कहा कि अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुजफ्फरनगरः उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को संपत्ति के विवाद को लेकर तीखी बहस के बाद 53 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके बेटे ने कथित तौर पर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि जिले के चरथावल थाना क्षेत्र के कसोली गांव में अपने घर पर संपत्ति विवाद को लेकर हुई लड़ाई में सुखबीर सैनी (53) के सिर पर उसके बेटे अर्जुन (23) ने लोहे की छड़ से वार कर दिया, जिससे सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। चरथावल थाना प्रभारी सूबे सिंह के अनुसार, एक पुलिस दल को इलाके में भेजा गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएचओ ने कहा कि अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। पड़ोसी जिले शामली में हुई एक ऐसी ही घटना में, जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लंक गाँव में बृहस्पतिवार को संपत्ति विवाद को लेकर 55 वर्षीय वेदपाल की उसके भतीजे मोनू ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
एसएचओ प्रेमवीर राणा ने बताया कि मोनू और उसके दोस्त सागर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली के स्वरूप नगर में सेंधमारी के मामले पड़ोसी गिरफ्तार
बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर में पड़ोसी के घर में घुस कर कपड़े और नाक की पिन चुराने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। घर का मालिक लॉकडाउन के दौरान अपने मूल स्थान गया हुआ था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी विनय नेगी स्वरूप नगर इलाके की डीसीएम कॉलोनी में रहता है।
मामले में सह आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तरी) गौरव शर्मा ने बताया कि माकन मालिक ने रिपोर्ट कराई है कि वह 21 मार्च को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के अपने मूल स्थान चला गया था। लॉकडाउन की वजह से वह वापस नहीं आ सका।
वह 19 मई को दिल्ली लौटा तो देखा कि उसके कमरे का ताला टूटा पड़ा है और कपड़े तथा उसकी पत्नी की नाक की पिन गायब है। उन्होंने बताया कि पुलिस को नेगी और उसके साथी की भूमिका संदिग्ध लगी। नेगी ने स्वीकार किया कि उसने और उसके साथी ने घर में सेंधमारी की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और चुराए गए कपड़े बरामद किए गए हैं।