पश्चिमी दिल्ली में नाबालिग लड़की पर दो मोटरसाइकिल सवारों ने फेंका तेजाब, 1 आरोपी गिरफ्तार, DCW ने दिल्ली पुलिस को जारी किया नोटिस
By अनिल शर्मा | Updated: December 14, 2022 14:13 IST2022-12-14T14:07:05+5:302022-12-14T14:13:55+5:30
दिल्ली पुलिस ने कहा, "घटना के समय लड़की अपनी छोटी बहन के साथ थी। उसने दो परिचितों पर संदेह जताया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।"

पश्चिमी दिल्ली में नाबालिग लड़की पर दो मोटरसाइकिल सवारों ने फेंका तेजाब, 1 आरोपी गिरफ्तार, DCW ने दिल्ली पुलिस को जारी किया नोटिस
नयी दिल्लीः दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को हमलावरों को गिरफ्तार करने और दिल्ली में एक स्कूली छात्रा पर एसिड हमले के मामले में कड़ी सजा देने के लिए नोटिस जारी किया। उत्तम नगर के निकट बुधवार सुबह मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने कथित तौर पर 17 वर्षीय एक लड़की पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, 'हमने हमलावरों को गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा देने के लिए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। हम पीड़िता और उसके परिवार की मदद कर रहे हैं। लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि एसिड की खुदरा बिक्री क्यों की जा रही है। कई बार नोटिस देने के बाद भी बैन नहीं किया गया है।"
मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग भी इसपर संज्ञान लिया है। आयोग की एक टीम मामले की जांच करने और पीड़िता को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए अस्पताल पहुंचेगी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बारे में सुबह करीब नौ बजे जानकारी मिली। मोहन गार्डन इलाके में लड़की पर यह हमला हुआ। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम. हर्षवर्धन ने कहा, “बताया गया है कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने 17 वर्षीय लड़की पर कथित रूप से तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया। ”
दिल्ली पुलिस ने कहा, "घटना के समय लड़की अपनी छोटी बहन के साथ थी। उसने दो परिचितों पर संदेह जताया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।" पीड़िता के पिता ने कहा, 'मेरी दोनों बेटियां सुबह 7:29 बजे स्कूल जा रही थीं, लेकिन बाद में करीब 7:35 बजे मेरी छोटी बेटी घर लौटी और मुझे बताया कि उसकी बड़ी बहन पर दो लड़कों ने तेजाब फेंका है।' उनका चेहरा ढका हुआ था जिसे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है।"
पीड़िता का सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। डीसीपी ने कहा कि लड़की ने दो लोगों को नामजद किया है, जो हमले के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। उनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।