Thane Police: 16 साल की नाबालिग बेटी की शादी 35 वर्षीय व्यक्ति से कराई, पीड़िता के माता-पिता और पति के खिलाफ मामला, लड़की चार महीने की गर्भवती पायी गयी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 11, 2023 16:06 IST2023-10-11T16:06:01+5:302023-10-11T16:06:59+5:30
Thane Police: अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने लड़की के गर्भवती पाये जाने के बाद बलात्कार का आरोप भी प्राथमिकी में शामिल किया है।

सांकेतिक फोटो
Thane Police: महाराष्ट्र में नवी मुंबई पुलिस ने 16 साल की अपनी नाबालिग बेटी की कथित रूप से शादी कराने को लेकर बिहार की एक दंपती समेत तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने लड़की के गर्भवती पाये जाने के बाद बलात्कार का आरोप भी प्राथमिकी में शामिल किया है।
अधिकारी ने बताया कि लड़की और उसके माता-पिता बिहार में सीतामढ़ी के रहने वाले हैं तथा कुछ महीने पहले नाबालिग लड़की की 35 वर्षीय एक व्यक्ति से शादी कराई गई थी। उन्होंने बताया कि यह अपराध तब सामने आया जब लड़की हाल में नवी मुंबई में अपनी एक दोस्त के पास गयी थी।
उन्होंने बताया कि लड़की की अवैध शादी के बारे में पता चलने के बाद उसकी दोस्त उसे न्हावा शेवा पुलिस के पास ले गयी, जिसने नाबालिग को बाल पुनर्वास केंद्र भेज दिया । अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर जब जांच की गयी तब यह लड़की चार महीने की गर्भवती पायी गयी।
उसके बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। प्राथमिकी में लड़की के माता-पिता एवं उसके पति को नामजद किया गया है तथा यह मामला सीतामढ़ी पुलिस को हस्तांतरित कर दिया गया है क्योंकि यह अपराध वहीं हुआ था।