Sikkim Police: 61 वर्षीय दिव्यांग महिला का यौन उत्पीड़न, 19 वर्षीय युवक अरेस्ट, हिरासत में 3 नाबालिग
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 30, 2024 10:33 IST2024-08-30T10:32:57+5:302024-08-30T10:33:29+5:30
Sikkim Police: पुलिस अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद महिला (61) के परिवार के एक सदस्य ने बुधवार को जोरेथांग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सांकेतिक फोटो
गंगटोकः सिक्किम पुलिस ने एक बुजुर्ग दिव्यांग महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन लोगों पर इस कथित कृत्य का वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर अपलोड करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद महिला (61) के परिवार के एक सदस्य ने बुधवार को जोरेथांग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और 16-18 वर्ष की आयु वर्ग के तीन अन्य नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
महिला को पेड़ से बांध कर मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के सांचौर जिले के बागोड़ा थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन एक महिला को पेड़ से बांध कर कथित मारपीट करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि नरसाणा गांव में रक्षाबंधन के दिन एक महिला को पेड़ से बांधकर उसके रिश्तेदारों द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि महिला की ओर से इस संबंध में बृहस्पतिवार को मामला दर्ज करवाया गया और मारपीट करने वाले महिला के रिश्तेदार मंगलाराम और हीराराम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ से पता चला कि उन्हें महिला द्वारा गलत काम किए जाने का संदेह था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।