शराब के नशे में 35 और 40 साल के दो लोगों ने 65 वर्षीय दलित महिला के साथ किया सामूहिक बलात्कार, ऐसे हुए अरेस्ट
By भाषा | Updated: October 27, 2022 19:11 IST2022-10-27T19:09:47+5:302022-10-27T19:11:39+5:30
मध्य प्रदेशः शराब पीने के बाद 35 और 40 साल की उम्र के दो लोगों ने दलित महिला के साथ बलात्कार किया। घटना के पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक दिन बाद छुट्टी मिल गई।

स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीधीः सीधी में शराब के नशे में 65 वर्षीय दलित महिला के साथ कथित रूप से बलात्कार के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंगुलता पटाले ने बताया कि घटना मंगलवार को सीधी के कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
उन्होंने बताया कि शराब पीने के बाद 35 और 40 साल की उम्र के दो लोगों ने दलित महिला के साथ बलात्कार किया। अधिकारी ने कहा कि घटना के पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे एक दिन बाद छुट्टी मिल गई। उन्होंने बताया कि आरोपी और पीड़िता एक दूसरे को जानते हैं। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आगे जांच की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (डी) (सामूहिक बलात्कार) तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पटाले ने कहा कि आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।