Shahdol News: ओरियंट पेपर मिल में बड़ा हादसा, प्लांट का टावर फटने से एक की मौत और कई घायल
By मुकेश मिश्रा | Updated: August 9, 2023 18:48 IST2023-08-09T14:15:48+5:302023-08-09T18:48:38+5:30
Shahdol News: अमलाई थाना क्षेत्र के ओरियंट पेपर मिल की घटना है। आनन फानन में फैक्ट्री से कर्मचारियों को बाहर किया जा रहा है।

Shahdol News: ओरियंट पेपर मिल में बड़ा हादसा, प्लांट का टावर फटने से एक की मौत और कई घायल
Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के अमलाई में एशिया की दूसरी सबसे बड़ी कागज बनानें वाली कंपनी ओरियंट पेपर मिल में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मिल में पल्प टैंक फटने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कई मजदूर घायल हो गए। जिसमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल है।
उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर इस घटना को लेकर मजदूरों ने हंगामा कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतक मजदूर के परिजन को 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की। प्रबंधन ने 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तत्काल मृतक के परिजनों को उपलब्ध कराते हुए 15 लाख का मुआवजा तथा एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया है।
बताया जाता है कि कुछ दिनों से मिल में मेंटेंशन का काम चल रहा था।अचानक पल्प टैंक फट गया। जिस वक्त टैंक फटा उस समय करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। टैंक के पास खड़ा रविंद्र त्रिपाठी(50) चपेट में आ गया। टैंक उसके ऊपर गिर पड़ा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वही करीब 13 मजदूर टैंक से निकले गर्म पदार्थ के छींटे से जल गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जिसमें दो लोगों को छोड़ कर बाकी का प्राथमिक उपचार करके छुट्टी दे दी गई। वही गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद मिल के गेट पर मजदूरो के साथ मिलाकर स्थानीय लोग और मृतक के परिजनो ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हालात बिगड़ता देख मौके पर एसडीएम प्रगति वर्मा और एएसपी मुकेश वैश्य सहित अमलाई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और हंगामे को शांत कराया।
आधिकारियों की मौजूदगी में मृतक के परिजनों को उचित मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को मिल में रोजगार देने की बात प्रबंधन ने कही है। वही मिल प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को तत्काल दो लाख की राहत राशि प्रदान की। वही अधिकारियों ने कहा है कि इस हादसे के पीछे जो भी जिम्मेदार होंगे। उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


