Road Accident: कृष्णा, दतिया और गढ़वा में सड़क हादसा, 15 लोगों की मौत और 30 घायल, राहत और बचाव तेज
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 14, 2024 12:52 IST2024-06-14T12:50:36+5:302024-06-14T12:52:12+5:30
Road Accident: अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के समय एक वाहन में दस लोग सवार थे जबकि दूसरे वाहन में एक चालक और एक सहायक था। मामले की जांच की जा रही है।

सांकेतिक फोटो
Road Accident: आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में शुक्रवार को एक कंटेनर वाहन और मिनी ट्रक की टक्कर होने से हुए हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी| एक पुलिस अधिकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब पांच बजे सीतानापल्ली में घटी। दोनों वाहनों के चालकों और तीन अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के समय एक वाहन में दस लोग सवार थे जबकि दूसरे वाहन में एक चालक और एक सहायक था। मामले की जांच की जा रही है।
मप्र के दतिया जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत, 20 घायल
मध्य प्रदेश के दतिया जिले में शुक्रवार को तड़के श्रद्धालुओं को मंदिर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन लड़कियों और दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालु रतनगढ़ माता मंदिर जा रहे थे, तभी मैथाना पाली के पास सुबह चार बज कर करीब 30 मिनट पर यह दुर्घटना हुई।
अधिकारी ने बताया कि वाहन सड़क से उतरकर पलट गया और 15 फुट नीचे पुलिया में जा गिरा। इस दुर्घटना में तीन लड़कियों और दो महिलाओं की मौत हो गई। भांडेर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) कार्णिक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक को झपकी आ गई, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सोनम (11), क्रांति (17), सीमा (30), कामनी (19) और रोशनी (17) के रूप में हुई है। प्रभारी कलेक्टर कमलेश भार्गव और पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीरेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंच गये हैं। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एसडीओपी ने बताया कि घायलों में से 17 को दतिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो को ग्वालियर और एक को झांसी रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया में पांच लोगों की मौत पर दुख जताया है।
झारखंड में सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत, छह घायल
झारखंड के गढ़वा जिले में एक ऑटोरिक्शा और ट्रक की टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हादसा बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव के नजदीक हुआ।
थाना प्रभारी आदित्य नायक ने बताया कि सिलियाटोंगर गांव के 12 लोग ऑटोरिक्शा में सवार होकर नगर उंटारी रेलवे स्टेशन जा रहे थे और उन्हें गुजरात जाने वाली ट्रेन पर सवार होना था। रास्ते में उनके ऑटो और विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के बीच टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान बिमलेश कुमार कनौजिया (42), अरुण भुइयां (30), बिकेश भुइयां (20), राजा कुमार (21) और राजकुमार भुइयां (53) के रूप में हुई है।