7 लाख की सुपारी देकर हत्या, टॉप-10 अपराधियों में शामिल शिव गोप को पटना पुलिस और एसटीएफ ने धर दबोचा, मीठापुर समेत पटना के कई इलाकों में दहशत?
By एस पी सिन्हा | Updated: April 8, 2026 18:54 IST2026-04-08T18:53:26+5:302026-04-08T18:54:22+5:30
जदयू नेता और दानापुर नगर उपाध्यक्ष दीपक मेहता हत्याकांड में भी शिव गोप का नाम सामने आया था। 28 मार्च 2022 को कार्बाइन से दीपक मेहता की हत्या की गई थी।

file photo
पटनाः बिहार की राजधानी पटना में आतंक का पर्याय बन चुके टॉप-10 अपराधियों में शामिल शिव गोप को पटना पुलिस और एसटीएफ राजधानी के जक्कनपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उस पर हत्या, लूट और रंगदारी समेत दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, शिव गोप को वर्ष 2018 में हुई एक हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है और लंबे समय से उसकी तलाश जारी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जदयू नेता और दानापुर नगर उपाध्यक्ष दीपक मेहता हत्याकांड में भी शिव गोप का नाम सामने आया था। 28 मार्च 2022 को कार्बाइन से दीपक मेहता की हत्या की गई थी। उस समय शूटर्स ने बताया कि जमीन विवाद के चलते शिव गोप और रवि गोप ने 7 लाख की सुपारी देकर हत्या कराई थी।
शिव गोप को वर्ष 2024 में पूर्व राजद विधायक रीतलाल यादव के पिता के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए दीघा घाट आने पर एसटीएफ और पटना पुलिस ने दबोच लिया। 90 के दशक में मीठापुर समेत पटना के कई इलाकों में उसका दबदबा था। उसके खिलाफ पटना के अलग-अलग थानों में गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं।
करीब 21 साल जेल में रहने के बाद बाहर निकलते ही वह दोबारा अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया और उसके मजबूत नेटवर्क हैं। पुलिस के अनुसार, जेल से छूटने के बाद शिव गोप शूटर और अपराधियों को मुहैया कराता था। माना जाता है कि पटना में कार्बाइन जैसे अत्याधुनिक हथियार के इस्तेमाल की शुरुआत भी उसी ने की थी।
फिलहाल पुलिस शिव गोप से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है। शिव गोप की गिरफ्तारी बिहार पुलिस के लिए एक ऐसी बड़ी फतेह है, जिसकी तलाश पिछले कई महीनों से सरगर्मी से की जा रही थी।
बताया जाता है कि खुफिया तंत्र के माध्यम से जैसे ही एसटीएफ को खबर मिली कि पटना का टॉप-10 इनामी बदमाश शिव गोप पटना के किसी ठिकाने पर दस्तक देने वाला है, महकमे ने जाल बिछा दिया। पूरी रणनीति के साथ की गई इस ताबड़तोड़ छापेमारी में शिव गोप को भागने का रत्ती भर भी मौका नहीं मिला।
फिलहाल उसे पटना के जक्कनपुर थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है। बता दें कि बिहार एसटीएफ इन दिनों अपराधियों के लिए काल बनी हुई है। हाल के दिनों में कई 'इनामी बदमाशों' को ठिकाने लगाने के बाद, शिव गोप की गिरफ्तारी ने यह साफ कर दिया है कि सूबे में अब बदमाशों की खैर नहीं। वहीं पटना के गलियारों में चर्चा है कि अब इस सफेदपोश गुंडे के कई राज बेनकाब होंगे।