पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत, सीबीआई ने अपने हाथ में लिया केस, अनसुलझी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश
By एस पी सिन्हा | Updated: February 12, 2026 17:06 IST2026-02-12T17:04:47+5:302026-02-12T17:06:09+5:30
पटना में ‘राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा’ (नीट) की तैयारी कर रही एक छात्रा की रहस्यमय परिस्थितियों मे हुई मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मामला दर्ज करके स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में ले ली है।

cbi team
पटनाः बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत का मामला अब सीबीआई ने अपने हाथ में ले लिया है। सीबीआई ने इसे स्पेशल केस के रूप में दर्ज किया है। इस केस का नंबर 7एस/26 रखा गया है। इसके बाद सीबीआई की ओर से केस अपने हाथ में लिए जाने के साथ ही जांच की प्रक्रिया तेज हो गई है। रिपोर्टों के अनुसार, बिहार सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य लेकर दिल्ली मुख्यालय रवाना हो गए हैं। सीबीआई इस मामले में उन तमाम कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेगी जो अब तक अनसुलझी रही हैं।
इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बिहार में लगातार सीबीआई जांच की मांग उठ रही थी। जनता और पीड़ित परिवार के आक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से इस मामले की सीबीआई जांच कराने का औपचारिक आग्रह किया था। राज्य सरकार के इस अनुरोध को केंद्र ने तत्काल मंजूरी दे दी, जिसके बाद जांच का जिम्मा केंद्रीय एजेंसी को सौंप दिया गया।
उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सबसे पहले यह जानकारी साझा की थी कि राज्य सरकार ने इस केस की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया था कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी। अब एजेंसी द्वारा केस दर्ज किए जाने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है।
बता दें कि छात्रा की मौत के बाद से ही शहर में तनाव का माहौल था। स्थानीय पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए इसे हत्या या सोची-समझी साजिश बताया जा रहा था। अब चूंकि सीबीआई ने जांच की कमान संभाल ली है, तो उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही छात्रा की मौत के पीछे छिपे असली कारणों और इसमें शामिल चेहरों का पर्दाफाश हो सकेगा।