पलामूः 22 जून को घरवालों ने मर्जी के खिलाफ की शादी, प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति सरफराज की पत्थरों से कुचलकर मार डाला
By एस पी सिन्हा | Updated: August 6, 2025 17:21 IST2025-08-06T17:20:58+5:302025-08-06T17:21:56+5:30
Palamu: पलामू की एसपी रेशमा रमेशन ने बताया कि 31 जुलाई को लड़की ने प्रेमी के साथ मिलकर पति सरफराज को जंगल में बुलाया और वहां पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

सांकेतिक फोटो
Palamu: झारखंड के पलामू जिले में एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी और वो के चक्कर में पति को जान गंवानी पड़ी है। यहां 16 साल की एक नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी से शादी करने के लिए अपने पति की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, लड़की की शादी 22 जून को सरफराज खान नामक युवक से हुई थी, लेकिन शादी के बाद दोनों साथ नहीं रह रहे थे। लड़की का पहले से ही एक ब्वॉयफ्रेंड था, जिससे वह शादी करना चाहती थी। जब घरवालों ने उसकी मर्जी के खिलाफ शादी कर दी, तो उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पलामू की एसपी रेशमा रमेशन ने बताया कि 31 जुलाई को लड़की ने प्रेमी के साथ मिलकर पति सरफराज को जंगल में बुलाया और वहां पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जंगल में फेंक कर पत्तों से ढक दिया गया। पुलिस ने लड़की को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में तलाशी अभियान चला रही है।
झारखंड : जमीन विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को रिश्तेदार ने पीट-पीटकर मार डाला
झारखंड के साहिबगंज जिले में बुधवार को जमीन विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों को उनके 35 वर्षीय एक पड़ोसी ने कथित रूप से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया और स्वीकार किया कि उसने तीनों की लोहे की रॉड से पिटाई की थी।
यह वारदात तालझारी थानाक्षेत्र के दुधकोल गांव में हुई। साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया, यह परिवार में जमीन विवाद का मामला लग रहा है। आरोपी की पहचान बज्जल हेम्ब्रोम के रूप में हुई है, जो मृतक का पड़ोसी और रिश्तेदार है। हेम्ब्रोम ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के साथ ही दावा किया है कि उसने तीनों लोगों की हत्या की है।
जांच के बाद, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।’’ पुलिस अधीक्षक के अनुसार जिन लोगों की हत्या कर दी गयी , उनकी पहचान नथनियाल हांसदा (65), बड़की मुर्मू (62) और नोहा बेसरा (90) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल मंडल अस्पताल ले जाया गया है।