उत्तर बैरकपुर नगरपालिकाः वार्ड-23 के टीएमसी पार्षद रबींद्र नाथ भट्टाचार्य ने तुलसी अधिकारी को मुक्के, थप्पड़ और लातें मारकर हत्या की?, पूर्व सांसद अर्जुन सिंह का दावा- बचा रही पुलिस
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: February 8, 2026 21:34 IST2026-02-08T21:32:46+5:302026-02-08T21:34:02+5:30
North Barrackpore Municipality: परिवार का दावा है कि भट्टाचार्य ने तुलसी को बार-बार मुक्के मारे, थप्पड़ मारे और लातें मारीं, जिसके बाद वह गिर गये, अस्पताल ले जाया गया।

file photo
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अवैध निर्माण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की तृणमूल कांग्रेस पार्षद द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने के बाद मौत हो गई। परिवार ने रविवार को पुलिस को दी गई शिकायत में यह आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि उसने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है और वे उत्तर बैरकपुर नगरपालिका के वार्ड-23 के टीएमसी पार्षद रबींद्र नाथ भट्टाचार्य से पूछताछ कर रहे हैं। मृतक की पहचान तुलसी अधिकारी के रूप में हुई है, जो कई दिनों से अपने घर के सामने हो रहे कथित अवैध निर्माण का विरोध कर रहे थे।
पुलिस शिकायत में उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि शनिवार को भट्टाचार्य मौके पर पहुंचे और तुलसी के साथ उनकी तीखी बहस हुई। पुलिस शिकायत के मुताबिक, भट्टाचार्य ने कथित तौर पर तुलसी और उनके बेटे हेमंत पर हमला किया। परिवार का दावा है कि भट्टाचार्य ने तुलसी को बार-बार मुक्के मारे, थप्पड़ मारे और लातें मारीं, जिसके बाद वह गिर गये, उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टीएमसी नेता ने आरोपों से इनकार करते हुए इन्हें ‘‘बेबुनियाद और राजनीतिक मकसद से प्रेरित’’ बताया। भट्टाचार्य ने दावा किया, ‘‘मैंने किसी पर हमला नहीं किया। मुझे राजनीतिक कारणों से बदनाम किया जा रहा है। कोई भी मौत दुखद होती है, लेकिन मैंने उनके साथ मारपीट नहीं की। बल्कि, उन्होंने मुझ पर हमला किया।
मृत व्यक्ति के बेटे ने मेरा गला पकड़ लिया था और मुझे धक्का दिया था। सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हो जाएगी।’’ पुलिस ने कहा कि उसने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के कारण का पता चलेगा। स्थानीय लोगों ने भट्टाचार्य की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने दावा किया कि पुलिस टीएमसी नेता को बचा रही है।