Navi Mumbai Railway Station: 12 वर्षीय लड़की अकेली मिली, चिकित्सकीय जांच में दुष्कर्म?, ना तो नाम बता पाई और ना ही अपने या परिवार के बारे में...
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 29, 2025 13:27 IST2025-01-29T13:26:20+5:302025-01-29T13:27:03+5:30
Navi Mumbai Railway Station: पीड़िता की पहचान करने, उसके परिवार का पता लगाने और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

सांकेतिक फोटो
Navi Mumbai Railway Station: महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित एक रेलवे स्टेशन में पुलिस को 12 वर्षीय एक लड़की अकेली मिली और चिकित्सकीय जांच में उससे दुष्कर्म के संकेत मिले हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वाशी राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। नवी मुंबई के घणसोली रेलवे स्टेशन में एक प्लेटफार्म पर सोमवार को लड़की अकेली मिली थी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश शिंदे ने बताया कि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने लड़की से पूछताछ की लेकिन वह ना तो अपना नाम बता पाई और ना ही अपने या अपने परिवार के बारे में कोई अन्य जानकारी दे सकी। उन्होंने बताया कि लड़की की चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिससे संकेत मिले हैं कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है।
उन्होंने बताया कि नाबालिग पीड़िता अपराध के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दे सकी। पुलिस ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की पहचान करने, उसके परिवार का पता लगाने और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।