नागपुर में हड़कंप: लावारिस बैग में मिले 50 डेटोनेटर, 15 जिलेटिन स्टिक, दोसर भवन चौक के पास विस्फोटक मिलने से मचा...
By फहीम ख़ान | Updated: April 7, 2026 18:14 IST2026-04-07T18:13:53+5:302026-04-07T18:14:42+5:30
Nagpur tizzy: सूचना मिलते ही पुलिस, बीडीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई.

photo-lokmat
Nagpur:नागपुर शहर के व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले सेंट्रल एवेन्यू स्थित दोसर भवन चौक इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लावारिस बैग से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई. बैग में 50 डेटोनेटर, 15 जिलेटिन स्टिक और 8 कनेक्टर मिले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस, बीडीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. उल्लेखनीय है कि यह इलाका आरएसएस मुख्यालय से महज 2 किमी की दूरी पर स्थित होने से पुलिस की सांस फूल गई है.
जानकारी के अनुसार, दोसर भवन मेट्रो स्टेशन के पीछे स्थित एक मकान के खुले परिसर में यह बैग पिछले कुछ समय से पड़ी थी. मंगलवार सुबह मकान मालिक डॉ. लांजेवार के बेटे की नजर बैग पर पड़ी. संदेह होने पर जब बैग खोला गया तो उसमें जिलेटिन स्टिक दिखाई दीं. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए. जांच के दौरान बैग से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने की पुष्टि हुई. इसके बाद एहतियातन आसपास के क्षेत्र में बंदोबस्त बढ़ा दिया गया. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह विस्फोटक सामग्री किसी खदान या निर्माण कार्य में उपयोग के लिए लाई गई हो सकती है.
हालांकि, पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है. यह भी जांच की जा रही है कि बैग वहां कब और किसने रखी. गौरतलब है कि नागपुर जिले में कई विस्फोटक निर्माण इकाइयां हैं. ऐसे में इन सामग्रियों का स्रोत क्या है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.
‘पेसो’ (पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन) और फॉरेंसिक टीम ने सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है. संवेदनशील इलाके में इस तरह लावारिस विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.




