मुजफ्फरपुरः भीषण आग में 12 साल की बच्ची जिंदा जली, पांच मवेशी भी जले, 10 लाख से ज्यादा की संपत्ति स्वाहा, 8 परिवार के घर जलकर राख...
By एस पी सिन्हा | Updated: August 21, 2022 17:44 IST2022-08-21T17:43:09+5:302022-08-21T17:44:24+5:30
बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना इलाके के भरथुआ गांव का मामला है। मृत बच्ची की पहचान ग्रामीण विमल साह की बेटी रुक्मणी कुमारी के रूप में हुई है।

तेजी से फैलती आग ने आस पास के 8 घरों को चपेट में ले लिया।
पटनाः बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना इलाके के भरथुआ गांव में शनिवा देर रात भीषण आगलगी में 12 साल की एक बच्ची जिंदा जल कर मौत हो गई। इस आगलगी की घटना में पांच मवेशी भी जलकर मर गए। मृत बच्ची की पहचान ग्रामीण विमल साह की बेटी रुक्मणी कुमारी के रूप में हुई है।
इस दौरान एक लड़की झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इसमें कुल 8 परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आगलगी की इस घटना में 10 लाख से ज्यादा की संपत्ति स्वाहा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया जा सका क्योंकि नदी पार गांव होने की वजह से न प्रशासन पहुंच पाई न फायर ब्रिगेड की टीम।
बच्ची की मौत और बर्बादी के मंजर से गांव में मामत पसरा है। घटना के बाद आज गांव पहुंचकर पुलिस और प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि विमल साह के घर में सबसे पहले आग लगी। देर रात होने की वजह से सभी सोए हुए थे। तभी हवा तेज हो गई और आग विकराल धारण कर लिया, जिसे संभालना असंभव हो गया।
घर वाले सब कुछ अंदर छोड़कर भाग निकले और आशियाने को जलते हुए देखते रहे। लेकिन विमल साह की बेटी रुक्मणी नहीं निकल पाई। आग की लपटें इतनी तेज हो गई कि बच्ची को निकालने का प्रयास विफल रहा और घर में सो रही बच्ची जिंदा जलकर राख हो गई। मृत बच्ची की मां शिला देवी ने बताया कि रात को घर में वह सो रही थी।
अचानक आग लगी तो भागकर बाहर निकली, तभी याद आया कि उनकी बेटी रुक्मिणी घर के अंदर ही फंसी है। बच्ची को बचाने के लिए वह दौड़कर आंगन में गयी। लेकिन आग इतनी तेज हो चुकी थी वह बच्ची के पास नहीं पहुंच पाई। उधर, बेटी भी चीख-चीखकर बचाने की गुहार लगा रही थी। देखते-देखते उसके शरीर में आग लग गई। कोई उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। वहीं, तेजी से फैलती आग ने आस पास के 8 घरों को चपेट में ले लिया।