Mumbai Car Parking Lift: बोरीवली में कार पार्किंग लिफ्ट 7 मीटर गहरे गड्ढे में गिरने से 1 की मौत, दूसरा घायल
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 31, 2025 14:57 IST2025-05-31T14:56:17+5:302025-05-31T14:57:06+5:30
Mumbai Car Parking Lift: नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि शुभम मदमलाल धुरी (30) और सुनजीत यादव (45) को अग्निशमन कर्मियों ने बचाया।

photo-lokmat
मुंबईः मुंबई के बोरीवली पश्चिम क्षेत्र में शनिवार को 21 मंजिला आवासीय इमारत में कार पार्किंग की लिफ्ट गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। नगर निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुंबई अग्निशमन विभाग ने बताया कि यह हादसा पूर्वाह्न करीब 11 बजे लिंक रोड स्थित प्रथमेश बिल्डिंग में हुआ। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि कार लिफ्ट सात मीटर गहरे गड्ढे में गिर गई, जिससे दो लोग फंस गए। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि शुभम मदमलाल धुरी (30) और सुनजीत यादव (45) को अग्निशमन कर्मियों ने बचाया।
उन्हें बीएमसी द्वारा संचालित निकटवर्ती शताब्दी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया, ‘‘अस्पताल के एक चिकित्सा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार धुरी को ‘मृत’ घोषित कर दिया गया तथा सिर में लगी चोट से जूझ रहे यादव की हालत स्थिर है।’’ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।