मोतिहारीः चाचा ने तीन साल की भतीजी के साथ चाकलेट देने के बहाने बुलाया और किया दुष्कर्म, गंभीर हालत में भर्ती
By एस पी सिन्हा | Updated: August 21, 2022 16:30 IST2022-08-21T16:29:05+5:302022-08-21T16:30:01+5:30
बिहार में पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र का मामला है। बच्ची को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी युवक के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पटनाः बिहार में पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र में पट्टीदारी से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां रिश्ते के चाचा द्वारा एक तीन वर्ष की मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। बच्ची को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं आरोपित युवक रामबाबू महतो का पुत्र बागड महतो फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दरवाजे पर खेल रही बच्ची को बगल के रहनेवाले चाचा बागड ने उसे चाकलेट देने के बहाने अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
करीब घंटेभर बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची तब पूछने पर उसने अपनी मां को सारी जानकारी दी। बच्ची के पिता दूसरे राज्य में काम करते हैं। दुष्कर्म की घटना से बच्ची रक्तरंजित अवस्था में थी। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर संग्रामपुर पीएचसी पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
बच्ची को आठ टांके लगे हैं। पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि शनिवार की शाम वह खाना बना रही थी। उसी दौरान उसके पट्टीदारी के युवक ने इस घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में संग्रामपुर के थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि परिजनों ने घटना की जानकारी देर से दी और पहले आपस में ही बैठकर मामला सुलझाने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि पीएचसी में बच्ची के भर्ती होने के बाद चिकित्सक ने उन्हें इस घटना की जानकारी दी। वही आरोपी युवक के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।