मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति कुमारी के पति और पूर्व राजद प्रत्याशी देवा गुप्ता अरेस्ट?, 100000 रुपये का इनाम, पटना में एसटीएफ ने धर दबोचा
By एस पी सिन्हा | Updated: February 27, 2026 17:07 IST2026-02-27T17:06:23+5:302026-02-27T17:07:21+5:30
मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने देवा गुप्ता को कुख्यात अपराधी के रूप में चिह्नित करते हुए उन पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

photo-lokmat
पटनाः बिहार एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में छापेमारी कर फ्लैट संख्या 303 से एक लाख रुपये के इनामी अपराधी देवा गुप्ता को धर दबोचा। देवा गुप्ता मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति कुमारी के पति है और राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भी रह चुका है। मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने देवा गुप्ता को कुख्यात अपराधी के रूप में चिह्नित करते हुए उन पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
बताया जाता है कि देवा गुप्ता पर 28 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जा करने जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। वह लंबे समय से दो मामलों में फरार चल रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उन पर शिकंजा कसना शुरू किया था।
एसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए 100 अपराधियों की एक 'हिट लिस्ट' तैयार की थी, जिसे अनुमोदन के लिए डीआईजी के पास भेजा गया था। इस सूची में शराब माफिया, भू-माफिया, हत्या और लूट जैसे अपराधों में शामिल अपराधियों के नाम थे, जिसमें देवा गुप्ता का नाम सबसे ऊपर रखा गया था। पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
देवा गुप्ता की गिरफ्तारी को पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि वे एक प्रभावशाली राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े होने के बावजूद आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस अब उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।