मुठभेड़ में अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे ढेर और एसटीएफ जवान राम यादव शहीद, कार्बाइन समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
By एस पी सिन्हा | Updated: March 17, 2026 15:40 IST2026-03-17T15:38:59+5:302026-03-17T15:40:37+5:30
मोतिहारीः मृतक अपराधी की पहचान कुंदन ठाकुर पिता फूलदेन ठाकुर, ग्राम बुल्लाचौक, थाना चकिया और प्रियांशु दुबे पिता संजय दुबे, ग्राम बसंतपुर, थाना साहेबगंज, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है।

सांकेतिक फोटो
मोतिहारीः बिहार में मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले के चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधियों को पुलिस ने ढेर कर दिया, जबकि एक पुलिस का जवान शहीद हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने कार्बाइन समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। दरअसल एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सिहोरवा में छापेमारी की। सूचना मिली थी कि कुंदन ठाकुर अपने गिरोह के सदस्यों के साथ हथियारों के साथ अपने एक दोस्त के घर में छिपा हुआ है। इस दौरान पुलिस की छापेमारी के दौरान पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई।
मृतक अपराधी की पहचान कुंदन ठाकुर पिता फूलदेन ठाकुर, ग्राम बुल्लाचौक, थाना चकिया और प्रियांशु दुबे पिता संजय दुबे, ग्राम बसंतपुर, थाना साहेबगंज, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। वहीं शहीद एसटीएफ जवान की पहचान राम यादव के रूप में हुई है। घटना सोमवार की रात 2:30 बजे की बताई जा रही है।
मुठभेड़ में उज्ज्वल कुमार और उसके पिता संत कुमार तिवारी दोनों को गिरफ्तार गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि बदमाशों ने अपर थाना अध्यक्ष गौरव कुमार को फोन पर धमकी दी थी। इस संबंध में बिहार डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि अपराधियों ने पहले फोन कर पुलिस को खुली धमकी दी थी, जिसके बाद पूरी रणनीति के तहत कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि थाना अध्यक्ष को नेपाल के नंबर से धमकी भरा कॉल आया था। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। विनय कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में दो अपराधी मारे गए, जबकि एसटीएफ का एक जवान शहीद हो गया।
डीजीपी ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने एक जबाज सिपाही खोया है। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि अपराधियों के मंसूबे हर हाल में ध्वस्त किए जाएंगे। बिहार पुलिस किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।