30-वर्षीय पति ने अपनी पत्नी, दो सौतेले बेटों और सास-ससुर को जलाकर मार डाला, एक दिन बाद फांसी लगाकर खुदकुशी की, जानें पूरा मामला
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 19, 2022 19:05 IST2022-10-19T19:04:58+5:302022-10-19T19:05:40+5:30
पंजाबः घटना की रात कुलदीप सिंह और उसके दो साथियों ने सो रहे पांच लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि दो साथियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कुलदीप सिंह ने लुधियाना में सिधवान बेट के पास खुर्शेदपुर गांव में एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
चंडीगढ़ःपंजाब के लुधियाना में 30-वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, दो सौतेले बेटों और सास-ससुर को जलाकर मार डालने के एक दिन बाद कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुलदीप सिंह ने लुधियाना में सिधवान बेट के पास अपने खुर्शेदपुर गांव में एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने कहा था कि सिंह ने जालंधर जिले में सोमवार देर रात अपनी पत्नी परमजीत कौर, उसके पूर्व पति से पैदा दो बेटों- अर्शदीप (8) और अनमोल (5) तथा उसके पिता सुरजन सिंह और मां जोगिंदरो को कथित तौर पर जलाकर मार डाला था।
वह परमजीत कौर के अपने मायके से उसके घर लौटने से इनकार करने को लेकर नाराज था। कौर अपने दो नाबालिग बच्चों के साथ पिछले पांच-छह महीने से पंजाब के जालंधर जिले में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी।
सिंह चाहता था कि उसकी पत्नी लुधियाना के खुर्शेदपुर गांव स्थित उसके घर लौट जाए, लेकिन उसने मना कर दिया, क्योंकि कथित तौर पर सिंह उसे और उसके बच्चों को पीटा करता था। घटना की रात सिंह और उसके दो साथियों ने सो रहे पांच लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि दो साथियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।