केरल: 26 वर्षीय आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या मामले में एसडीपीआई के चार सदस्य गिरफ्तार
By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Updated: January 20, 2018 15:01 IST2018-01-20T14:59:19+5:302018-01-20T15:01:50+5:30
आरएसएस कार्यकर्ता श्याम प्रसाद पर उस वक्त हमला हुआ, जब वो बाइक से घर वापस आ रहे थे।

केरल: 26 वर्षीय आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या मामले में एसडीपीआई के चार सदस्य गिरफ्तार
कन्नूर पुलिस ने सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के चार कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता श्याम प्रसाद की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। सभी अभियुक्तों को वायनाड जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त कर्नाटक भागने की कोशिश कर रहे थे। केरल के कन्नूर जिले में 19 जनवरी की शाम को एक आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। 26 साल के श्याम प्रसाद पर उस वक्त हमला हुआ, जब वो बाइक से कक्कयंगड आईटीआई से वापस आ रहे थे। हमलावर ग्रुप में थे और उन्होंने अपने चेहरे को ढक रखा था। हमले से बचने के लिए श्याम पास के घर की तरफ दौड़े लेकिन हमलावारों ने उससे पहले ही हमला कर दिया। श्याम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गए जहां उनकी मौत हो गई।
वहीं पुलिस का कहना है कि इस हत्या के पीछे कोई राजनीतिक कारण है या नहीं इसका वो जांच कर रही हैं। बता दें कि दो साल पहले सीपीआई के कार्यकर्ता ओ प्रेमन की हत्या हुई थी, इस केस में श्याम का नाम भी शामिल था। ये कोई पहली बार नहीं है जब केरल में आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या की हुई है। इससे पहले कई बार वहां से ऐसी खबरें आती रहीं हैं। जुलाई 2017 में तिरूवनंतपुरम में राजेश की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद भाजपा ने केरल बंद का आह्वान किया था। 16 फरवरी 2016 में कन्नूर में ही आरआरएस कार्यकर्ता सुजीत की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। सुजीत की हत्या के आरोप में माकपा के 8 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।
खासकर के केरल के कन्नूर में बीजेपी-आरएसएस और सीपीएम के कार्यकर्ताओं के बीच हमेशा से ही राजनीतिक हिंसा होती रही है। राजनीतिक झगड़े में साल 2000 से अब तक 45 सीपीएम और 44 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।