पटना: बिहार में सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। घटना 21 जनवरी को रात करीब 11:30 बजे की है, जब 17 वर्षीय किशोरी शौच करने के लिए घर से बाहर गई थी, तभी तीन बदमाशों ने चाकू और पिस्तौल दिखाकर मुंह दबाकर किशोरी को अगवा कर लिया। इस दौरान लड़की खुद को बचाने के लिए बदमाशों लड़ी भी लेकिन उसे जबरन ले गए और सुनसान जगह पर एक बथान में बारी-बारी से तीन युवकों ने दुष्कर्म किया और इसका वीडियो भी बदमाशों के द्वारा बनाया गया।
इस संबंध में पीड़िता के मां ने थाने में लिखित आवेदन दिया है। पीड़िता की मां ने आवेदन में कहा है कि लड़की शरीर पर कई जगह कटने और नोचने का निशान भी है। तीनों लड़को ने गमछा से मुंह बांध रखा था लेकिन इसी दौरान एक युवक के मूंह से गमछा हट गया जिसके बाद लड़की ने उसे पहचान लिया। आरोपी की पहचान सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के हफिजपुर गांव निवासी नारायण पांडेय के 22 वर्षीय पुत्र पवन कुमार पांडेय के रूप में की गई है।
दुष्कर्म के बाद बदमाशों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर भी वायरल करने की धमकी दी है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पवन कुमार पांडेय और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर सहाजितपुर थाना पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों का प्रयोग करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा उक्त के निशानदेही पर एक अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई। शेष अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है। अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने बताया कि मुख्य नामजद आरोपी पवन कुमार पांडेय और उसके एक सहयोगी को पुलिस ने दबोच लिया है। जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष अभियुक्त को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।