बिहार की राजधानी पटना में पवित्र रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना को अंजाम देते हुए बेटे ने अपनी ही मां की कर दी हत्या
By एस पी सिन्हा | Updated: March 13, 2026 20:05 IST2026-03-13T20:05:19+5:302026-03-13T20:05:19+5:30
बताया जा रहा है कि चंदन कुमार पिछले कई दिनों से अपने माता-पिता पर घर और जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद भी होता था।

बिहार की राजधानी पटना में पवित्र रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना को अंजाम देते हुए बेटे ने अपनी ही मां की कर दी हत्या
पटना:बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के गोनेपुरा गांव से मां-बेटे के सबसे पवित्र रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां संपत्ति के लालच में एक बेटे ने अपनी ही मां को गोली मार दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दरअसल, अवधकिशोर अपनी पत्नी अनुसुई देवी और बेटे चंदन कुमार के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि चंदन कुमार पिछले कई दिनों से अपने माता-पिता पर घर और जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद भी होता था।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार की शाम चंदन कुमार फिर से माता-पिता के पास पहुंचा और संपत्ति अपने नाम करने की मांग करने लगा। इस दौरान घर के अंदर काफी देर तक बहस होती रही। जब मां अनुसुई देवी ने बेटे की मांग मानने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि उनके और उनके पति के रहते संपत्ति किसी के नाम नहीं की जाएगी, तो चंदन कुमार गुस्से से बेकाबू हो गया। गुस्से में उसने अपनी मां पर गोली चला दी। गोली लगते ही अनुसुई देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
घायल महिला किसी तरह घर से बाहर निकलीं और मदद के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इधर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़िता के पति अवधकिशोर के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी चंदन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि चंदन कुमार की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी और शादी के बाद से ही परिवार में संपत्ति को लेकर तनाव बना हुआ था। इस घटना के बाद पूरे गांव में इसकी चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि संपत्ति के लालच ने बेटे को इतना अंधा बना दिया कि उसने अपनी ही मां पर हमला कर दिया। लोग इस घटना को बेहद दुखद और शर्मनाक बता रहे हैं।