बिहार की राजधानी पटना से सटे खगौल में अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर स्वर्ण व्यापारियों से लूटा 16 किग्रा सोना
By एस पी सिन्हा | Updated: April 5, 2026 16:54 IST2026-04-05T16:54:54+5:302026-04-05T16:54:54+5:30
अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए जांच के नाम पर सोना अपने कब्जे में ले लिया और फरार हो गए। दोनों व्यवसाई राजकोट से ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में सोना को पटना के बाकरगंज ला रहे थे।

बिहार की राजधानी पटना से सटे खगौल में अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर स्वर्ण व्यापारियों से लूटा 16 किग्रा सोना
पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शनिवार की देर शाम फिल्मी स्टाइल में बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए स्वर्ण कारोबारियों से करोड़ों रुपये का सोना लूट लिया। अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए जांच के नाम पर सोना अपने कब्जे में ले लिया और फरार हो गए। दोनों व्यवसाई राजकोट से ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में सोना को पटना के बाकरगंज ला रहे थे। इसी दौरान दानापुर स्टेशन से पटना जाने के क्रम में खगौल थाना क्षेत्र के आरओबी के पास कुछ अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों को रोक लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात के राजकोट से ट्रेन संख्या 19483 से दानापुर स्टेशन पहुंचे दो स्वर्ण व्यवसायी महेश (35) और प्रिंस (25) रात में स्टेशन से टेम्पो के जरिए अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खगौल-लख के पास मोटरसाइकिल और कार से आए 3-4 अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए दोनों को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और नौबतपुर नहर के पास ले गए। वहां अपराधियों ने उनके पास मौजूद कथित तौर पर करीब 16 किलोग्राम सोना लूट लिया और दोनों को सड़क पर फेंककर फरार हो गए। घटना 4 अप्रैल की बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर-1) शिवम धाकड़ ने बताया कि पीड़ित कारोबारी खगौल स्टेशन पर उतरे थे, जहां अज्ञात अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर धमकाया और सोना लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया है, जो चोरी की बताई जा रही है।
पुलिस तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। वहीं, राजकोट से मुख्य गोल्ड सप्लायर सुनील भी पटना पहुंच चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।