बिहार के किशनगंज जिले में पुलिस ने किया जिस्मफरोशी के धंधे को बेनकाब, 4 नाबालिग लड़कियों समेत कुल 9 युवतियों को कराया मुक्त
By एस पी सिन्हा | Updated: April 13, 2026 17:57 IST2026-04-13T17:57:45+5:302026-04-13T17:57:56+5:30
पुलिस की इस दबिश में 4 नाबालिग लड़कियों समेत कुल 9 युवतियों को उस दलदल से आजाद कराया गया, जहां उनकी जिंदगी कैद बनकर रह गई थी।

बिहार के किशनगंज जिले में पुलिस ने किया जिस्मफरोशी के धंधे को बेनकाब, 4 नाबालिग लड़कियों समेत कुल 9 युवतियों को कराया मुक्त
पटना:बिहार में किशनगंज जिले के खगड़ा रेड लाइट इलाके में पुलिस के द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सवेरा के तहत चली इस खुफिया कार्रवाई ने जिस्मफरोशी के उस अंधेरे धंधे को बेनकाब कर दिया, जो लंबे समय से परदे के पीछे पल रहा था। पुलिस की इस दबिश में 4 नाबालिग लड़कियों समेत कुल 9 युवतियों को उस दलदल से आजाद कराया गया, जहां उनकी जिंदगी कैद बनकर रह गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से पुख्ता इत्तिला मिली थी कि बाहर से मासूम लड़कियों को बहला-फुसलाकर या जबर्दस्ती लाकर इस गोरखधंधे में झोंका जा रहा है। इसके बाद कानून के रखवालों ने एक मुकम्मल प्लान के तहत जाल बिछाया। हादुरगंज, पहाड़कट्टा समेत कई थानों की फोर्स को एक साथ अलर्ट कर गुपचुप तरीके से इलाके में तैनात किया गया।
महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे लिबास में जवानों की मौजूदगी ने इस रेड को और भी असरदार बना दिया। जैसे ही डीएसपी अशोक कुमार की कयादत में टीम ने खगड़ा के उस बदनाम इलाके में दस्तक दी, वहां अफरा-तफरी और भगदड़ का आलम बन गया। कई दलाल और संदिग्ध चेहरे मौके से फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस के शिकंजे से बच नहीं सके।
कई लोगों को हिरासत में लेकर उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक-एक मकान की तलाशी लेकर इस रैकेट की जड़ तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी है। एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने इस कार्रवाई की तस्दीक करते हुए कहा कि यह मुहिम खास तौर पर उन लड़कियों को आजाद कराने के लिए चलाई गई, जो इस गुनाह के जाल में फंसी थीं।
फिलहाल सभी पीड़िताओं से गहराई से पूछताछ हो रही है, ताकि इस संगठित गिरोह के बड़े सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। इस सनसनीखेज छापेमारी के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई और हर जुबां पर बस एक ही चर्चा खगड़ा का काला सच आखिर सामने आ ही गया।