सेक्स के लिए मना करने पर बौखलाया पति, पत्नी की हत्या कर काट डाला अपना गुप्तांग!
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: July 7, 2019 13:19 IST2019-07-07T13:19:07+5:302019-07-07T13:19:07+5:30
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के ककरापोखर में अनवारुल हसन ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद अपना गुप्तांग काट लिया।

प्रतीकात्मक चित्र
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के ककरापोखर गांव में सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां के निवासी 22 वर्षीय अनवारुल हसन ने अपना गुप्तांग काट लिया। अनवारुल पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी की भी गला दबाकर हत्या कर दी है। फिलहाल पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पति का गोरखपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
ककरापोखर निवासी अनवारुल हसन की शादी 10 महीने पहले ही पड़ोस में रहने वाली मेहनाज के साथ हुई थी। शुक्रवार की रात दोनों सोए हुए थे। शनिवार की सुबह मेहनाज की मां किसी काम से उनके कमरे की तरफ गई तो दरवाजा खुला था। उन्हें कुछ शक हुआ तो अंदर झांका। अंदर का नजारा देखकर वो दंग रह गई।
रिपोर्ट के मुताबिक कमरे में मेहनाज बिस्तर पर मरी पड़ी थी और अनवारुल खून से लथपथ तड़प रहा था। यह दृश्य देखकर मेहनाज की मां की चीख निकल गई। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस का कहना है कि अनवारुल ने ही पत्नी की गला दबा कर हत्या करने के बाद अपना गुप्तांग काट लिया था। मृतका की मां का आरोप है कि पति-पत्नी के अनबन चल रही थी।
अस्पताल में भर्ती अनवारुल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं सेक्स करना चाहता था लेकिन उसने मना कर दिया। आरोपी ने बताया कि इसके बाद गुस्से में उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और अपना प्राइवेट पार्ट काट डाला।
पथरा बाजार के थानाध्यक्ष राजेश कुमार दुबे ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। गुप्तांग काटने वाले हत्यारोपित पति को इलाज के लिए भेजा गया है। पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।