18 वर्षीय लड़की से बलात्कार, 22 वर्षीय आरोपी ने सोशल मीडिया पर की थी दोस्ती, अश्लील वीडियो डाला
By भाषा | Updated: January 29, 2022 18:59 IST2022-01-29T18:58:15+5:302022-01-29T18:59:43+5:30
थाना प्रभारी उप निरीक्षक हरप्रेम सिंह ने बताया कि आरोपी युवक छब्बेवाल पुलिस थानांतर्गत एक गांव का निवासी है।

आरोपी ने कथित तौर पर उससे बलात्कार किया तथा फिर वीडियो बनाया।
होशियारपुरः पंजाब के होशियारपुर में 18 वर्षीय एक लड़की से बलात्कार करने और उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बलात्कार की कथित घटना यहां कुछ महीने पहले हुई थी।
उन्होंने कहा कि 22 वर्षीय आरोपी ने सोशल मीडिया वेबसाइट पर लड़की से दोस्ती की थी। थाना प्रभारी उप निरीक्षक हरप्रेम सिंह ने बताया कि आरोपी युवक छब्बेवाल पुलिस थानांतर्गत एक गांव का निवासी है और उसने लड़की का एक अश्लील वीडियो बनाकर उसे कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर डाल दिया था।
सिंह ने कहा कि आरोपी विशाल चौधरी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया और आगे की जांच जारी है। एसएचओ ने बताया कि चौधरी ने पिछले साल लड़की को किसी बहाने अपने घर बुलाया था और उसे नशीली दवा मिला हुआ पेय पदार्थ दिया था।
पेय पदार्थ पीने के बाद लड़की बेहोश हो गई और आरोपी ने कथित तौर पर उससे बलात्कार किया तथा फिर वीडियो बनाया। सिंह ने कहा, “बाद में चौधरी लड़की को वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। लड़की ने जब उसकी मांग नहीं मानी, तब आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।”
ग्वालियर के एक होटल में भोपाल की युवती के साथ सामूहिक बलात्कार
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक होटल में दो लोगों ने कथित तौर पर भोपाल की 22-वर्षीय युवती के साथ सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विजय सिंह भदौरिया ने शनिवार को बताया कि घटना बुधवार रात विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के होटल में हुई।
भोपाल की रहने वाली पीड़िता अपनी सहेली के साथ सिटी सेंटर के एक होटल में पार्टी करने गई थी। उन्होंने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि पार्टी के बाद दो लोगों ने पीड़िता को घेर लिया और उसे होटल के एक कमरे में ले गए। कमरे में दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने पीड़िता को शिकायत न करने की धमकी भी दी। डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत बलात्कार और डराने-धमकाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।