दिल्ली से गुजरात ले जाई जा रही करोड़ों की रकम जब्त, कई घंटों की मशक्कत के बाद मशीन से गिने गए नोट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 23, 2021 15:56 IST2021-05-23T15:56:46+5:302021-05-23T15:56:46+5:30
पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 8 से एक कार से 4.5 करोड़ की नकदी जब्त की गई है। यह राशि गुजरात ले जाई जा रही थी।

कार से 4.5 करोड़ की नकदी जब्त (फाइल फोटो)
राजस्थान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डूंगरपुर में करोड़ों की नकदी बरामद की है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 8 से एक कार से 4.5 करोड़ की नकदी जब्त की। यह राशि गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, यह राशि हवाला से जुड़ी हो सकती है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इतनी बड़ी राशि को गिनने के लिए पुलिस को बैंक से नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ी, जिसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद नोटों को गिना जा सका।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को भी पकड़ा है। दोनों गुजरात के रहने वाले हैं। इनमें से एक रणजीत राजपूत पाटन का और नितिन पटेल ऊंझा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि यह राशि राजस्थान के रास्ते दिल्ली से गुजरात ले जाई जा रही थी।
यह राशि कार की सीट के नीचे छुपाई गई थी। पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ की तो नकदी के बारे में दोनों कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के पास से 4 करोड़ 49 लाख 99 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस यह राशि जब्त कर थाने में लेकर आई। हालांकि इतनी बड़ी राशि को गिनने के लिए पुलिस को बैंकों से मशीन मंगवानी पड़ी। जिसके बाद भी यह राशि गिनने में सुबह से शाम हो गई। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने जिस कार से यह राशि बरामद की है वो दिल्ली नंबर की है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।