जींद में महिला की मौत, पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया
By भाषा | Updated: April 24, 2020 14:31 IST2020-04-24T14:30:36+5:302020-04-24T14:31:41+5:30
हरियाणा में एक और बेटी की बलि दे दी गई। दहेज के कारण ससुराल वाले ने बहू को मार डाला। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अशोक ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी।
जींदः हरियाणा के जींद जिले के गांव शामदो में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगा अलेवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक गांव शामदो निवासी विनोद की पत्नी प्रतिभा (22) की गत बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा था और गले पर निशान है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जनरल अस्पताल भेज मृतका के मायके पक्ष को जानकारी दी। मृतका के ससुराल पक्ष का दावा है कि प्रतिभा ने अंदर से कुंडी लगाकर फांसी का फंदा लगाया हुआ था।
दरवाजा तोड़कर उसे फांसी के फंदे से उतारा गया था। मृतका के पिता नत्थु कालोनी दिल्ली निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी प्रतिभा की शादी तीन वर्ष पूर्व गांव शामदो निवासी विनोद के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे थे।
उन्होंने बताया कि मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। अशोक ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। अलेवा थाना पुलिस ने अशोक की शिकायत पर मृतका के पति विनोद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।