मुर्गा और मछली को लेकर झगड़ा, वकील की थाने में कुटाई, थाना प्रभारी और 5 सिपाही लाइन हाजिर, घटना थाने के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 29, 2025 21:36 IST2025-12-29T21:35:38+5:302025-12-29T21:36:15+5:30
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि रविवार रात गोला का मंदिर इलाके में एक दुकान पर दो ग्राहकों के बीच मुर्गा और मछली खरीदने को लेकर विवाद हो गया था।

file photo
ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर के एक थाने में एक वकील से मारपीट करने के आरोप में थाना प्रभारी सहित पांच सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार रात गोला का मंदिर थाने में हुई और थाने के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना दर्ज हो गई, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि रविवार रात गोला का मंदिर इलाके में एक दुकान पर दो ग्राहकों के बीच मुर्गा और मछली खरीदने को लेकर विवाद हो गया था।
उन्होंने बताया कि इस दौरान दोनों के बीच मारपीट हुई और दोनों ही लोग गोला का मंदिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। कुबेर ने बताया कि प्रभात हिनारिया नाम के एक वकील अपने पक्षकार सत्यम सिंह के समर्थन में थाने पहुंच गए और वहां भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हो गए।
उन्होंने कहा कि वकील हिनारिया के साथ मारपीट के बाद थाने में उनके समर्थन में और वकील पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा, "थाना प्रभारी और पांच सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है और मामले की जांच की जा रही है। यह घटना थाने के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज है और उसे भी जांच में शामिल किया गया है।"