10 मासूम लड़कियों से मानसिक और शारीरिक शोषण, ऑर्केस्ट्रा-डांस ग्रुप के नाम पर खौफनाक नेटवर्क

By एस पी सिन्हा | Updated: March 20, 2026 18:22 IST2026-03-20T18:21:58+5:302026-03-20T18:22:55+5:30

गोपालगंजः बिहार के जहानाबाद से 1, सीवान से 2, पश्चिम बंगाल से 5, उत्तर प्रदेश से 1 और छत्तीसगढ़ से 1 लड़की शामिल है।

Gopalganj Mental and physical abuse 10 innocent girls dangerous network name orchestra-dance group | 10 मासूम लड़कियों से मानसिक और शारीरिक शोषण, ऑर्केस्ट्रा-डांस ग्रुप के नाम पर खौफनाक नेटवर्क

सांकेतिक फोटो

Highlightsपुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया।छापेमारी के दौरान जो सच्चाई सामने आई उसने सभी को झकझोर कर रख दिया।कुल 10 लड़कियों को बरामद किया। जिनमें 9 नाबालिग और 1 बालिग थी।

गोपालगंजः बिहार में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा और डांस ग्रुप के नाम पर चल रहे एक खौफनाक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यहां मासूम लड़कियों को न सिर्फ जबरन डांस कराया जा रहा था, बल्कि उनका मानसिक और शारीरिक शोषण भी किया जा रहा था। दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के नाम पर बाहर से लाई गई किशोरियों से जबरन काम कराया जा रहा है। सूचना बेहद गंभीर थी और इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया।

इस टीम में पुलिस के साथ सामाजिक संगठन एसोसिएशन फॉर वोलंटरी एक्शन, पटना और नारायणी सेवा संस्थान, गोपालगंज के सदस्य भी शामिल थे। महिला पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में दिघवा-दुबौली, लक्ष्मीगंज और रेवतीथ गांव में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान जो सच्चाई सामने आई उसने सभी को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस ने मौके से कुल 10 लड़कियों को बरामद किया। जिनमें 9 नाबालिग और 1 बालिग थी। ये लड़कियां अलग-अलग राज्यों से लाई गई थीं। जिसमें बिहार के जहानाबाद से 1, सीवान से 2, पश्चिम बंगाल से 5, उत्तर प्रदेश से 1 और छत्तीसगढ़ से 1 लड़की शामिल है। इन सभी से जबरन डांस करवाया जा रहा था और उनसे अश्लील हरकतें भी कराई जा रही थीं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 ऑर्केस्ट्रा संचालक और 2 संचालिकाओं को गिरफ्तार किया है। मौके से 3 मोबाइल फोन और बुकिंग से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। जिनके आधार पर इस पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के अनुसार पुलिस ने रेवती बाजार और लक्ष्मी बाजार में छापेमारी कर नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया।

इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। बरामद की गई सभी लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही उन्हें कानूनी सहायता और काउंसलिंग भी दी जा रही है ताकि वे इस सदमे से बाहर निकल सकें। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अपराधों पर अब सख्ती से रोक लगेगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी महम्मदपुर थाना क्षेत्र में इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। जहां कई नाबालिग लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा ग्रुप से मुक्त कराया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Web Title: Gopalganj Mental and physical abuse 10 innocent girls dangerous network name orchestra-dance group

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे