500000 रुपये का चूना, बिहार में शरीफ खानदान की लड़कियों से शादी कराएंगे?, सांगानेर के अंकित कुमार और सवाई माधोपुर के प्रिंस के साथ धोखा, लुटेरी दुल्हन गैंग कारनामा?
By एस पी सिन्हा | Updated: February 25, 2026 22:14 IST2026-02-25T22:12:23+5:302026-02-25T22:14:15+5:30
गोपालगंजः दूल्हे अपनी-अपनी दुल्हनों के साथ ऑटो से बस स्टैंड के लिए रवाना हुए, दो बाइक पर सवार चार युवकों ने ऑटो को रोक लिया। मारपीट और धमकी के बाद दोनों दूल्हों के पास रखा सामान छीन लिया गया। इसी दौरान दोनों दुल्हनें भी बाइक सवार युवकों के साथ फरार हो गईं।

file photo
गोपालगंजःबिहार में गोपालगंज जिले से एके अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल यहां की रहने वाली लुटेरी दुल्हनों के गैंग ने शादी का झांसा देकर दोनों दूल्हों को पांच लाख रुपये का चूना लगा दिया और फिर चाकू की नोंक पर दहशत फैलाकर फरार हो गए। इस तरह मोहब्बत के नाम पर ऐसा फरेब रचा गया कि राजस्थान से आए दो नौजवानों को शादी के मंडप से सीधा मायूसी की खाई में धकेल दिया गया। बताया जाता है कि जयपुर के सांगानेर निवासी अंकित कुमार और सवाई माधोपुर के प्रिंस को उनके ही इलाके के एक दलाल ने भरोसा दिलाया कि बिहार में शरीफ खानदान की लड़कियों से शादी करा देगा। दलाल ने पहले ही दोनों से दो-दो लाख रुपये नगद ऐंठ लिए। ऊपर से शादी के खर्च के नाम पर पचास-पचास हजार रुपये और वसूल लिए गए।
सोमवार सुबह दोनों युवक अपने परिजनों संग बस से गोपालगंज पहुंचे। बंजारी मोड़ से दलाल का गुर्गा उन्हें जादोपुर रोड के एक मैरेज हॉल में ले गया। वहां पहले से मौजूद लोगों ने जोरदार स्वागत किया और भोजन के बाद दो युवतियों को बुलाकर पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी संपन्न कराई गई। वर-वधू ने परिजनों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
लेकिन जैसे ही दोनों दूल्हे अपनी-अपनी दुल्हनों के साथ ऑटो से बस स्टैंड के लिए रवाना हुए, दो बाइक पर सवार चार युवकों ने ऑटो को रोक लिया। मारपीट और धमकी के बाद दोनों दूल्हों के पास रखा सामान छीन लिया गया। इसी दौरान दोनों दुल्हनें भी बाइक सवार युवकों के साथ फरार हो गईं।
दूल्हों के रोकने के प्रयास विफल रहे, क्योंकि दुल्हनें भी पूरी वारदात में शामिल थीं। पीड़ितों ने नगर थाने में दलाल को पकड़कर सौंप दिया और लिखित आवेदन भी दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।