गाजीपुर: 10 साल की बच्ची से बलात्कार मामले में मदरसे का मौलवी गिरफ्तार
By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Updated: April 28, 2018 12:24 IST2018-04-28T12:14:20+5:302018-04-28T12:24:41+5:30
मदरसे के मौलवी गुलाम शाहिद से पुलिस पूछताछ कर रही है। एक नाबालिग युवक पर बच्ची के साथ बलात्कार करने का आरोप है।

minor rape
नयी दिल्ली , 27 अप्रैल: दिल्ली के गाजीपुर स्थित एक मदरसा के 34 वर्षीय मौलवी गुलाम शाहिद को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, एक किशोर ने पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर से एक बच्ची का अपहरण कर इस मदरसा में उससे कथित रूप से बलात्कार किया था। पुलिस ने बताया कि गुलाम शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मदरसा में 10 साल की लड़की के साथ होने वाले अपराध के बारे में जानता था।
इस घटना की जांच कल अपराध शाखा को सौंप दी गयी थी। लड़की के पिता ने अपनी बच्ची के गुमशुदा होने के बारे में पुलिस को 21 अप्रैल को सूचना दी थी। गत 22 अप्रैल को मदरसा से दिल्ली पुलिस की टीम ने लड़की को मुक्त कराया था। पुलिस ने बताया कि मदरसा से लड़की को छुड़ाने के बाद किशोर गिरफ्तार किया गया था। नाबालिग बच्ची ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि कुछ अन्य लोगों ने भी उसे "गलत तरीके" से छुआ था। पुलिस पड़ताल कर रही है कि क्या बच्ची से और लोगों ने भी यौन शोषण किया था।
पुलिस ने गुलाम शाहिद पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस गुलाम शाहिद के फोन रिकॉर्ड की जाँच कर रही है। पुलिस गुलाम शाहिद के पास मिले कुछ दस्तावेज की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस ने शाहिद के परिजनों से भी पूछताछ की है। गुलाम शाहिद ने दावा किया था कि वो घटना के दिन मरदसे में मौजूद नहीं था। पुलिस इसकी तस्दीक कर रही है। जिस कमरे में घटना हुई वो मस्जिद के अंदर है और मस्जिद के व्यवस्थापकों ने करीब एक साल पहले शाहिद को वहां मदरसा चलाने के लिए कमरा दिया था।
पीड़िता के परिजनों ने शुक्रवार (27 अप्रैल) को नई दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विरोध प्रदर्शन किया था। पीड़िता के परिवार एवं अन्य स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च भी निकाला।
(पीआईटी इनपुर के साथ)