बिहार के मुजफ्फरपुर में मेला देखकर घर लौट रही युवती से चार युवकों ने की दरिंदगी, एक को पुलिस ने दबोचा, पीड़िता की हालत गंभीर
By एस पी सिन्हा | Updated: October 4, 2022 15:06 IST2022-10-04T15:04:00+5:302022-10-04T15:06:07+5:30

बिहार के मुजफ्फरपुर में युवती के साथ गैंगरेप (फाइल फोटो)
पटना: बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की से दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पीड़िता मेला घूमकर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी की हालत गंभीर है। उसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया है, जहां किशोरी का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की मेला देखकर घर वापस लौट रही थी कि रास्ते में 4 दरिंदों ने उसे पकड़ लिया और सुनसान जंगल में ले गए, जहां चारों ने बारी-बारी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बारे में पीड़िता ने बताया कि वह दुर्गा महा अष्टमी की शाम मेला देखकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो बाइक पर सवार चार लड़कों ने उसे जबरन उठा लिया। इसके बाद उसे पास के जंगल में ले गए और चारों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने किसी तरह से घटना के घटना की जानकारी परिजनों को दी।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामला संज्ञान में आने के बाद इलाके और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना के बाद पीड़िता की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। पहले पीड़िता को औराई पीएचसी में भर्ती कराया गया था। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच में रेफर कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष का माहौल है।