दिल्ली के साकेत कोर्ट में फायरिंग, महिला को मारी गई गोली, वकील की ड्रेस में आया था हमलावर
By विनीत कुमार | Updated: April 21, 2023 12:26 IST2023-04-21T10:53:32+5:302023-04-21T12:26:49+5:30
दिल्ली के साकेत कोर्ट में एक महिला पर शख्स ने हमला कर दिया। चार राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद आननफानन में महिला को घायल अवस्था में एम्स अस्पताल ले जाया गया।

दिल्ली के साकेत कोर्ट में फायरिंग (फोटो- एएनआई)
नई दिल्ली: दक्षिणि दिल्ली के साकेत कोर्ट में शुक्रवार को एक महिला को गोली मार दी गई। इसके बाद आननफानन में उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया है कि चार राउंड फायरिंग की गई है। हमला करने वाला वकील की ड्रेस में था।
दिल्ली पुलिस महिला को लेकर पहुंची अस्पताल
सामने आई जानकारी के अनुसार महिला को चार गोलियां मारी गई हैं। ये गोलियां उसे पेट और अन्य हिस्सों में लगी। दिल्ली पुलिस के एक एसएचओ अपनी जीप में उसे लेकर एम्स अस्पताल पहुंचे। फिलहाल लड़की की स्थिति कैसी है, इसे लेकर अपडेट सामने नहीं आ सका है।
#UPDATE | Delhi: A woman has been injured in an incident of firing at Saket court. Four rounds were fired. Police on the spot.
— ANI (@ANI) April 21, 2023
साकेत कोर्ट में फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल ये सामने नहीं आ सका है कि गोली मारने वाला शख्स अकेले आया था या उसके साथ कुछ और लोग थे। आरोपी की पहचान हो गई है और बताया जा रहा है कि यह महिला का परिचित था। दोनों के बीच पैसों को लेकर कुछ विवाद चल रहा था।
इससे पहले रोहिणी कोर्ट में भी पिछले साल फायरिंग की ऐसी ही घटना सामने आई थी। इस घटना में दो वकीलों को गोली लगी थी। वह घटना अप्रैल में हुई थी। इसके अलावा 2021 में भी रोहिणी कोर्ट में गोलीबारी हुई थी।
उस गोलीबारी में टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो लोगों ने जितेंद्र मान उर्फ गोगी को उस समय गोली मारकर जान ले ली थी, जब उसकी कोर्ट में पेशी हो रही थी। हालांकि, उस दौरान तत्काल पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को ढेर कर दिया था। उस दौरान भी दोनों बदमाश राहुल त्यागी और जगदीप जग्गा वकील की ड्रेस में कोर्ट परिसर में दाखिल हुए थे।