Delhi Timarpur: दशहरा कार्यक्रम के दौरान मामूली बात पर विवाद, किशोर समूह ने 17 वर्षीय लड़के की चाकू घोंपकर हत्या की, पांच नाबालिग आरोपी में से एक अरेस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 25, 2023 22:00 IST2023-10-25T21:59:18+5:302023-10-25T22:00:09+5:30
Delhi Timarpur: पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे गोल मार्केट के पास संजय बस्ती की है।

सांकेतिक फोटो
Delhi Timarpur: उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर में दशहरा कार्यक्रम के दौरान मामूली बात पर किशोरों के एक समूह ने 17 वर्षीय एक लड़के की चाकू घोंपकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे गोल मार्केट के पास संजय बस्ती की है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पीड़ित आर्यन का अपने कुछ दोस्तों के साथ एक लड़की से बात करने को लेकर विवाद हो गया था। दशहरा कार्यक्रम के दौरान मंगलवार शाम को विवाद फिर से बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।’’ उन्होंने बताया कि पीड़ित पर चाकू से कई वार किये गये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर फरार हो गये।
पीड़ित कक्षा दसवीं का छात्र था। पुलिस ने बताया कि आरोपी किशोर आर्यन के जानकार हैं क्योंकि वे भी उसे इलाके में रहते हैं, जहां पीड़ित रहता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पांच नाबालिग आरोपियों में से एक को पकड़ लिया है। आर्यन अपने परिवार के साथ संजय बस्ती में रहता था। वह मुक्त विद्यालय से पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने बताया कि उसके पिता एक श्रमिक हैं।
तीन वर्षीय बालिका से बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में तीन वर्षीय बालिका से बलात्कार के आरोप में पुलिस ने 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय कवर्धा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बालिका से बलात्कार के आरोप में पुलिस ने 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि बालिका के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की है कि मंगलवार को दशहरा के दौरान क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, उस दौरान बालिका और परिजन भी वहां मौजूद थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ देर बाद मौके का फायदा उठाकर आरोपी बालिका को अपने साथ ले गया और उसके साथ बलात्कार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को भारतीय दंड विधान और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।