Heavy RainFall Alert: बारिश में नहाने गए 2 बच्चे डूबे, भारी बारिश की आई चेतावनी
By धीरज मिश्रा | Updated: June 29, 2024 19:06 IST2024-06-29T19:04:38+5:302024-06-29T19:06:34+5:30
Heavy RainFall Alert: राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत देने आई बरसात के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई।

Photo credit twitter
Heavy RainFall Alert: राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत देने आई बरसात के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि शनिवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में बारिश के पानी से भरे सिरसपुर अंडरपास में डूबने से दो लड़कों की मौत हो गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, समयपुर बादली पुलिस स्टेशन को दोपहर 2:25 बजे सिरसपुर अंडरपास के पास 12 वर्षीय लड़के के डूबने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि मेट्रो के पास अंडरपास में करीब 2.5-3 फीट पानी भरा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने तलाशी अभियान चलाया और 2 लड़कों के शव बरामद किए। पुलिस के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि लड़के नहाने गए तभी यह हादसा हुआ होगा। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई चल रही है। इससे पहले शुक्रवार को, दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बारिश के पानी में खेलने के लिए घर से निकले दो बच्चे गहरे बारिश के पानी में गिरकर डूब गए, पुलिस ने बताया।
मृतकों की उम्र 8 और 10 साल थी और वे न्यू उस्मानपुर इलाके के सोम बाजार, गामरी के निवासी थे। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे जलभराव, ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हुई।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में दिल्ली में भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून आगे बढ़ गया है और अगले 2-3 दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा भी छा जाएगा। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वी राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूरे मध्य भारत में भारी बारिश होगी। अरुणाचल प्रदेश और असम में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कल तक पश्चिमी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में बारिश बढ़ जाएगी। उत्तर भारतीय राज्यों में भी अत्यधिक भारी बारिश होगी।