मैडम दुकान के सामने गाड़ी मत लगाओ, ग्राहक को आने में दिक्कत होगी?, 78 वर्षीय दुकानदार को महिला उपनिरीक्षक ने थप्पड़ मारा, प्राथमिकी दर्ज
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 6, 2026 05:51 IST2026-04-06T05:50:29+5:302026-04-06T05:51:13+5:30
पुलिस को बताया कि उसने दुकानदार से कुछ मिनटों के लिए गाड़ी खड़ी करने की अनुमति मांगी थी और उसका इरादा था कि वह अपनी जांच पूरी होने के बाद गाड़ी हटा लेगी।

सांकेतिक फोटो
नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस की एक महिला उपनिरीक्षक के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। सूत्रों के मुताबिक उन पर आरोप है कि उन्होंने 78 वर्षीय एक दुकानदार को उसकी दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने पर आपत्ति जताने को लेकर थप्पड़ मारा। पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, यह घटना रोहिणी सेक्टर-7 में हुई, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उनकी दुकान के ठीक सामने खड़ी कार को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने आगे बताया कि गर्भवती महिला ने कहा कि वह अपने पति के साथ चिकित्सा जांच के लिए इस इलाके में आई थी।
उसने पुलिस को बताया कि उसने दुकानदार से कुछ मिनटों के लिए गाड़ी खड़ी करने की अनुमति मांगी थी और उसका इरादा था कि वह अपनी जांच पूरी होने के बाद गाड़ी हटा लेगी। हालांकि, दुकानदार ने इनकार कर दिया, जिसके कारण बहस शुरू हो गई। सूत्रों के मुताबिक, बहस के दौरान स्थिति बिगड़ गई और महिला ने उसे थप्पड़ मार दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला आक्रामक व्यवहार कर रही थी और भीड़ के जमा होने पर उसने वहां मौजूद लोगों को किनारे हटने के लिए कहा और दावा किया कि वह पुलिस अधिकारी है। पीसीआर को फोन किया गया जिसके बाद आस-पास के पुलिस थानों से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। महिला अधिकारी को पास के ही एक पुलिस थाने ले जाया गया और उनके तथा उनके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।