2017 में अर्जुन कुमार ने प्रेमिका पर कई बार चाकू मारने के बाद गला रेतकर की हत्या, 2025 में नेपाल हिंसा के बाद जेल से भागा और अरेस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: September 15, 2025 20:40 IST2025-09-15T20:40:01+5:302025-09-15T20:40:58+5:30
पुलिस के मुताबिक 16 नवंबर, 2017 को अर्जुन कुमार उर्फ भोला (31) ने अपनी प्रेमिका को कथित तौर पर कई बार चाकू मारने के बाद गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था।

सांकेतिक फोटो
नई दिल्लीः दिल्ली में आठ साल पहले अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोपी को भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। वह नेपाल की एक जेल में बंद था और वहां हाल ही में हुई अशांति के दौरान जेल से भाग गया था। उसके बाद उसे बिहार में रक्सौल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक 16 नवंबर, 2017 को अर्जुन कुमार उर्फ भोला (31) ने अपनी प्रेमिका को कथित तौर पर कई बार चाकू मारने के बाद गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था।
पुलिस ने बताया कि फरार होने के बाद अर्जुन ने नेपाल में भी जघन्य अपराध किया जिसके लिए उसे 25 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) हर्ष इंदौरा ने कहा कि अर्जुन और उसकी प्रेमिका न्यू अशोक नगर में एक ही इमारत में रहते थे।
जब प्रेमिका ने अर्जुन से शादी करने से इनकार कर दिया और उसके परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, तो अर्जुन ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि व्यापक तलाशी के बावजूद, अर्जुन का वर्षों तक कोई पता नहीं चल सका। उन्होंने कहा, ‘‘ जांचकर्ताओं को बाद में पता चला कि वह नेपाल चला गया था, जहां उसने एक और जघन्य अपराध किया।’’
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘ नेपाल में हाल ही में हुई अशांति के दौरान अर्जुन जेल से भाग गया। खुफिया जानकारी मिली कि वह भारत में घुसकर बिहार में अपने पैतृक स्थान जाने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद एक टीम को सीमा पर तैनात किया गया और उसे रक्सौल से गिरफ्तार कर लिया गया।’’