पालम आगः 3 बच्चे सहित 9 लोग जिंदा जले?, बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग और पूरा परिवार खत्म, देखिए वीडियो
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 18, 2026 15:20 IST2026-03-18T15:14:18+5:302026-03-18T15:20:28+5:30
delhi Palam fire: आग से बचने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी और उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

photo-lokmat
delhi: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लग जाने से तीन बच्चों सहित एक ही परिवार के 9 सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आग से बचने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी और उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को सुबह करीब सात बजे पालम मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में घर पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल के 30 वाहन मौके पर भेजे गए और आग बुझाने तथा अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया गया। डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘एक आवासीय इमारत में आग लगने की सूचना मिली है और हमें आशंका थी कि कुछ लोग अंदर फंसे हो सकते हैं।
बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।’’ घटनास्थल से प्राप्त दृश्यों में देखा जा सकता है कि इमारत से काले धुएं के घने गुबार उठ रहे हैं, जबकि आग की लपटों ने इमारत के कुछ हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि डीएफएस के कर्मियों ने तीन बच्चों सहित सात लोगों को इमारत से बाहर निकाला, जिन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि आग की लपटों के कारण दो अन्य लोग इमारत से कूद गए थे। उनका फिलहाल अस्पताल में उपचार हो रहा है। डीएफएस के अनुसार, इमारत में एक ‘बेसमेंट’ और पांच मंजिलें थीं, जिसकी छत पर एक अस्थायी टीन की शेड बनी हुई थी। ‘बेसमेंट’, भूतल और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधनों के भंडारण के लिए किया जा रहा था।
जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल आवासीय इकाइयां थीं। अधिकारियों ने बताया कि खबर लिखे जाने तक शीतलन अभियान जारी था, जबकि टीम परिसर की तलाशी में लगी हुई थीं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए। ऑनलाइन प्रसारित हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग इमारत के पास की संकरी गलियों में इकट्ठा है, जबकि दमकलकर्मी पाइप और सीढ़ियों का उपयोग करके आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
पालम मेट्रो के पास आग लगने की घटना के बाद उपराज्यपाल ने व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अपनी पहली बैठक की बुधवार को अध्यक्षता करते हुए पूरे शहर में व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए। ये निर्देश दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने की घटना के बाद दिए गए जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पालम में एक आवासीय इमारत में लगी आग की घटना की जांच के आदेश दिए
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के पालम क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी आग की घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आवासीय भवन में आग लगने के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ।