दिल्ली: लिव-इन पार्टनर के शव को 35 टुकड़ों में काटा, 18 दिन में अलग-अलग जगहों पर फेंके हिस्से, कत्ल के छह महीने बाद ऐसे खुला राज
By विनीत कुमार | Updated: November 14, 2022 12:01 IST2022-11-14T11:53:16+5:302022-11-14T12:01:31+5:30
दिल्ली के महरौली में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला अपने एक पुरुष दोस्त के साथ लिव-इन रिलेशन में रहती थी। दोनों मुंबई से आए थे। महिला की हत्या शख्स ने मई में कर दी थी, जिसका खुलासा अब जाकर हुआ है।

मई-2022 में हो गई थी श्रद्धा की हत्या
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या के आरोप में शनिवार को एक शख्स को गिरफ्तार किया। आरोपों के अनुसार शख्स ने न केवल हत्या की बल्कि महिला के शव को 35 टुकड़ों में भी काटा और फिर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आफताब अमीन पूनावाला ने करीब छह महीने पहले 18 मई को झगड़े के बाद अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा का गला घोंट दिया था। इसके बाद उसने उसके शव के 35 टुकड़े कर दिए और उन्हें रखने के लिए एक फ्रिज खरीदा। आफताब ने फिर शव को ठिकाने लगाने के इरादे से अगले 18 दिनों में दिल्ली के आसपास के अलग-अलग स्थानों पर उसने शव के ये टुकड़े फेंके। इस काम के लिए वह रोज रात को करीब 2 बजे अपने घर से निकल जाता था।
मुंबई में हुई थी महिला की आरोपी से मुलाकात
दरअसल, 26 साल की श्रद्धा मुंबई में एक मल्टीनेशनल कंपनी के कॉल सेंटर में काम करती थी। यही उसकी मुलाकात पूनावाला से हुई। दोनों एक-दूसरे के करीब आए और डेटिंग शुरू की। इसके बाद वे साथ रहने लगे। हालांकि श्रद्धा के परिवार को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। इसके बाद दोनों मुंबई छोड़ दिल्ली भाग आए और यहीं महरौली में एक फ्लैट लेकर रहने लगे।
दिल्ली आने के कुछ दिनों बाद श्रद्धा ने अपने परिवार के फोन कॉल का जवाब देना भी बंद कर दिया था। इस बीच 8 नवंबर को उसके पिता विकास मदान बेटी से मिलने दिल्ली आए। वे जब बेटी के फ्लैट पर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। इसके बाद उन्होंने पिता ने महरौली पुलिस से संपर्क किया और अपहरण का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर शनिवार को पूनावाला को गिरफ्तार कर लिया। जांच और दिल्ली पुलिस की ओर से पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि उसने श्रद्धा को मार दिया है। उसने बताया कि दोनों में अक्सर लड़ाई होती थी क्योंकि श्रद्धा लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और श्रद्धा के शव की तलाश कर रही है।