दिल्लीः पति ने अपनी पत्नी, आठ वर्षीय बेटी और सास पर चाकू से किया हमला, जानें क्या है पूरा मामला
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 29, 2022 10:52 IST2022-08-29T10:51:19+5:302022-08-29T10:52:44+5:30
पुलिस ने बताया कि घटना में घायल हुईं अदिति शर्मा (37), आठ वर्षीय बेटी और मां माया देवी (60) को वसुंधरा एन्क्लेव के धर्मशिला नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में कथित तौर पर वैवाहिक कलह के चलते एक व्यक्ति (37) ने अपनी पत्नी, बेटी और सास पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपी सिद्धार्थ इंजीनियर है और गुरुग्राम में ‘टेक्निकल सपोर्ट एसोसिएट’ के तौर पर काम करता था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में घायल हुईं अदिति शर्मा (37), उनकी आठ वर्षीय बेटी और मां माया देवी (60) को वसुंधरा एन्क्लेव के धर्मशिला नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) प्रियंका कश्यप ने बताया प्रथम दृष्टया यह वैवाहिक कलह का मामला प्रतीत होता है। दंपती का दीवानी एवं पारिवारिक अदालत में मुकदमा भी चल रहा है। कश्यप ने बताया कि कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नोएडा में चार किशोरियां लापता हुईं
गौतम बुद्ध नगर जिला के विभिन्न जगहों से चार किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर 27 के एक निवासी ने सेक्टर 20 थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी 16 वर्षीय बहन शीतल 22 अगस्त को सुबह साढ़े छह बजे स्कूल के लिए निकली थी।
उसके साथ पड़ोस में रहने वाली निभा और अलीशा नामक दो छात्राएं भी गई थीं, लेकिन तीनों एक साथ लापता हो गई हैं। प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य मामले में सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर 22 में रहने वाले एक व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी काजल के 26 अगस्त से लापता होने की सूचना है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।