2 साल से चचेरे भाई से अवैध संबंध, भाई मेराज अली ने पैर पकड़ा और माता रबिया खातून-पिता मोहम्मद मनीर ने तकिये से मुंह दबा कर बेटी को मार डाला
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 4, 2026 17:23 IST2026-04-04T17:19:01+5:302026-04-04T17:23:46+5:30
Delhi Crime: पीड़िता के पिता मोहम्मद मनीर (55) और भाई मेराज अली (19) को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

सांकेतिक फोटो
Delhi: दिल्ली में 19 वर्षीय युवती की उसके चचेरे भाई के साथ कथित संबंधों को लेकर परिजनों ने तकिये से मुंह दबा कर उसकी हत्या कर दी और इस सिलसिले में पीड़िता की मां को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि मौत का कारण दम घुटना था। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़िता के भाई ने कथित तौर पर युवती के हाथ पकड़े हुए थे और माता-पिता ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां रबिया खातून को शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
इससे एक दिन पहले पीड़िता के पिता मोहम्मद मनीर (55) और भाई मेराज अली (19) को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि यह घटना एक अप्रैल को दोपहर करीब दो बजे पीसीआर पर सूचना मिलने के बाद सामने आई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक युवती की उसके परिजनों ने हत्या कर दी है और उसके शव को दफानाने के लिए ले जाया जा रहा है।
एक सूत्र ने बताया, “परिवार वालों ने उसे एक आदमी के साथ देखा था। उसकी पिटाई की गई और उसे कुछ दिनों तक घर में कैद भी रखा गया।” एक अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो उन्होंने पाया कि शव को दफनाने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने झूठी शान के लिए हत्या के संदेह पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता पिछले दो साल से एक पुरुष के साथ रिश्ते में थी, जिसका उसके पिता, भाई और माता ने कड़ा विरोध किया था। अधिकारी ने कहा, "जब लड़की ने विरोध के बावजूद रिश्ता खत्म नहीं किया, तो परिवार ने उसकी हत्या कर दी।"
पुलिस ने बताया कि पीसीआर पर सूचना देने वाले व्यक्ति ने उसे बताया कि युवती का अपने चचेरे भाई के साथ संबंध था। पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक के एक दोस्त ने उसे इस स्थिति के बारे में आगाह किया था, जिसके बाद उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।