दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता को 112 पर फोन कर मारने की धमकी?, गाजियाबाद के श्लोक तिवारी अरेस्ट, पुलिस ने कहा-अक्सर पहचान बदल कर करता है काम
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 7, 2025 11:30 IST2025-06-07T11:28:20+5:302025-06-07T11:30:37+5:30
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी धोखेबाजी के कृत्यों में शामिल रहता है और अपनी पहचान अक्सर बदलता रहता है।

Delhi CM Rekha Gupta (file photo)
नई दिल्लीः दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 25 वर्षीय युवक को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। युवक की पहचान श्लोक तिवारी के रूप में हुई है लेकिन पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी धोखेबाजी के कृत्यों में शामिल रहता है और अपनी पहचान अक्सर बदलता रहता है।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उत्तर-पश्चिम दिल्ली में पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के कार्यालय में उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार की रात उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर फोन कर यह धमकी दी थी।
गाजियाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त ऋतेश त्रिपाठी ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस के अपने समकक्षों को सतर्क किया और एक टीम को भी पंचवटी कॉलोनी भेजा जहां से कथित तौर पर फोन किया गया था। हालांकि फोन करने वाला व्यक्ति फरार हो गया था।