दिल्ली के मयूर विहार में महिला पत्रकार पर चाकू से जानलेवा हमला, पुलिस को तीन हमलावरों की तलाश, जानिए पूरा मामला
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: April 23, 2023 12:05 IST2023-04-23T11:59:14+5:302023-04-23T12:05:45+5:30
बेखौफ अपराधियों ने देश की राजधानी दिल्ली में तीन बदमाशों ने लूट की नीयत से महिला पत्रकार को चाकू माकरकर घायल कर दिया है।

सांकेतिक तस्वीर
दिल्ली: देश की राजधानी में एक महिला पत्रकार को लूट की नियत से अपराधियों ने चाकू मारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार शुरूआती जांच में मामला लूट का प्रतीत होता है, जब महिला पत्रकार ने लुटेरों का विरोध किया तो उन्होंने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में कुल 3 हमलावर शामिल बताये जा रहे हैं।
यह घटना बीते शनिवार रात में मयूर विहार फेज-2 में हुई। लूटपाट का विरोध करने पर हमलावरों ने महिला पत्रकार को उसके घर के बाहर ही कथित तौर पर कई बार चाकू से हमला करके बुरी तरह से जख्मी कर दिया। समाचार पत्र इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार पुलिस ने बताया कि महिला पत्रकार डी धना सुमोद मलयालम न्यूज चैनल मीडिया वन की दिल्ली ब्यूरो चीफ हैं और अपने परिवार के साथ मयूर विहार फेज-2 में रहती हैं। हमले के फौरन बाद सुमोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां से इलाज के बाद उन्हें छुट्टी भी दे दी गई। पुलिस के अनुसार सुमोद रात में करीब 8 बजे दफ्तर से काम खत्म करके अपने घर की ओर जा रही थीं तभी संजय पार्क के करीब तीनों हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट का प्रयास करने लगे।
हमले के बाद सुमोद ने पुलिस को दिये बयान में कहा, “हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोका और उससे माचिस मांगी। जब उन्होंने हमलावरों को मना किया तो उन्होंने चाकू निकालकर धमकी दी और उनसे फोन और पर्स मांगा। उसके बाद भी जब उन्होंने हमलावरों से बच निकलने की कोशिश की तो उन्होंने चाकू से उनपर हमला कर दिया। हमले के दौरान उन्हें चाकू से पीठ और पेट और बाजू पर गहरे जख्म लगे और उसके बाद वो मौके से भाग गये।"
इसके साथ ही सुमोद ने कहा, “जिस समय हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला किये, वहां संजय पार्क में बहुत सारे लोग थे। लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने या हमलावरों का विरोध नहीं किया और वो हादसे को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गये। दूसरी ओर हमले के बाद वो खुद बेहोश हो गईं, इसके फौरन बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस को फोन करके वारदात की सूचना दी।”
पुलिस के अनुसार महिला पत्रकार पर आरोपियों ने दो बार चाकू से हमला किया। मयूर विहार पुलिस के अनुसार उन्हें रात 8 बज से 8.30 बजे के आसपास पत्रकार पर हमले की जानकारी मिली। उसके परिवार ने शिकायत पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ पांडव नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।"