Datia rains: दीवार गिरने से 7 की मौत, परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: September 12, 2024 14:46 IST2024-09-12T14:42:31+5:302024-09-12T14:46:03+5:30
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

सांकेतिक फोटो
दतियाः मध्य प्रदेश के दतिया शहर में भारी बारिश के कारण बृहस्पतिवार को एक मकान से सटी पुरानी दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना रात करीब चार बजे खालकापुरा इलाके में हुई। एक घर से सटी दीवार उसके ऊपर गिर गई, जिससे नौ लोग मलबे में दब गए। दतिया के कलेक्टर संदीप माकिन ने बताया कि सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य को बचा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
गुजरात के पाटन में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक ही परिवार के चार लोग डूबे
गुजरात के पाटन जिले में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन करने के दौरान एक महिला, उसके दो किशोर बेटे और भाई नदी में डूब गए। आधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पाटन शहर के पास सरस्वती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान सात लोग बह गए थे। जिलाधिकारी अरविंद विजयन ने बताया कि स्थानीय लोगों ने दो पुरुषों और एक महिला को तुरंत बचा लिया, जबकि एक परिवार के चार सदस्य लापता हो गए। जिला अधिकारियों ने लापता लोगों को ढूंढने के लिए पाटन, मेहसाणा और सिद्धपुर शहर से 15 गोताखोरों को बुलाया।
विजयन ने बताया कि गहन खोज एवं बचाव अभियान के बाद बृहस्पतिवार तड़के चारों शव बरामद कर लिए गये। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान शीतल प्रजापति (37), उनके बेटे दक्ष (17) और जिमित (15) और उनके भाई नयन प्रजापति (30) के रूप में हुई है। सभी पाटन के वेराई चकला इलाके के निवासी थे।
तमिलनाडु: सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में चिदंबरम के निकट बृहस्पतिवार को एक कार और लॉरी के बीच टक्कर में कार सवार एक बच्चे सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कार सवार लोग चेन्नई से मयिलादुथुराई जा रहे थे तभी बृहस्पतिवार सुबह एक लॉरी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। लॉरी की टक्कर से कार सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक तथा सहायक मौके से फरार हो गए। पुलिस कर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला।