मोबाइल चोरी करने के शक में आठ साल के बच्चे को कुएं में लटकाया और गिराने की दी धमकी, 14 वर्षीय लड़के ने वीडियो शूट किया, जानें मामला
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 18, 2022 13:44 IST2022-10-18T13:43:40+5:302022-10-18T13:44:20+5:30
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का मामला है। घटना के वक्त वहां मौजूद 14 वर्षीय लड़के ने वीडियो शूट किया और पीड़ित लड़के के माता-पिता को घटना के बारे में सूचित किया।

घटना जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर अटकोहा गांव में रविवार को हुई।
छतरपुरः मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मोबाइल फोन चोरी करने के शक में आठ साल के बच्चे को कुंए में लटकाने और गिराने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वीडियो क्लिप में आरोपी लड़के को हाथ से पकड़कर कुएं में लटकाए हुए दिख रहा है और उसे पानी में गिराने की धमकी दे रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त वहां मौजूद 14 वर्षीय लड़के ने वीडियो शूट किया और पीड़ित लड़के के माता-पिता को घटना के बारे में सूचित किया।
वीडियो शूट करने वाले लड़के ने आरोप लगाया कि उस पर मामले को उलझाने का आरोप लगाते हुए एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट भी की। लड़के ने दावा किया कि पुलिस वाले ने उससे कहा कि अगर वीडियो शूट नहीं किया गया होता तो मामला सुलझ सकता था।
हालांकि, लवकुश नगर थाना प्रभारी हेमंत नायक ने लड़के के दावे का खंडन किया। उन्होंने कहा कि राजपूत ने मोबाइल फोन चोरी के शक में आठ साल के बच्चे को कुएं में लटका दिया। अधिकारी ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर अटकोहा गांव में रविवार को हुई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आरोपी अजीत राजपूत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 308 (गैर इरादतन हत्या) और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार रविवार को जब पीड़िता की मां घर लौटी तो उसने अपने बेटे को लापता पाया और बाद में वीडियो बनाने वाले लड़के ने उसे घटना की जानकारी दी।