बस पुल से नीचे गिरी, 17 यात्री घायल
By भाषा | Updated: April 1, 2018 18:04 IST2018-04-01T18:04:05+5:302018-04-01T18:04:05+5:30
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में यात्री बस के पुल से नीचे गिरने की घटना में 17 यात्री घायल हुए हैं।

बस पुल से नीचे गिरी, 17 यात्री घायल
कोरबा, 1 अप्रैल: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में यात्री बस के पुल से नीचे गिरने की घटना में 17 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में से छह को ज्यादा चोट पहुंची है। सरगुजा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज बताया कि जिला मुख्यालय अंबिकापुर से लगभग 65 किलोमीटर दूर सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कारावेल पुल के करीब यात्री बस पुल से नीचे गिर गई। इस घटना में 17 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में आठ महिलाएं भी शामिल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्री बस कांसाबेल से सीतापुर होकर अंबिकापुर जा रही थी। बस जब कारावेल पुल के करीब पहुंची तब अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया तथा घायलों को सीतापुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। छह यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कालेज अंबिकापुर भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से बस चालक फरार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।