झारखंडः चाईबासा में हड़िया पीने के दौरान दो गुटों में खूनी संघर्ष, 2 व्यक्तियों की हत्या, जानिए
By अनिल शर्मा | Updated: February 10, 2022 09:27 IST2022-02-10T09:24:45+5:302022-02-10T09:27:00+5:30
पुलिस के मुताबिक घटना हड़िया गोदाम में हड़िया (चावल से बना हुआ नशीला पेय पदार्थ) पीने के दौरान मंगलवार देर शाम हुई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।

झारखंडः चाईबासा में हड़िया पीने के दौरान दो गुटों में खूनी संघर्ष, 2 व्यक्तियों की हत्या, जानिए
चाईबासाः झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित तांतनगर थाना क्षेत्र के गिदवासा गांव के बोंजबासा टोली में दो गुटों के बीच हुए विवाद में दो व्यक्तियों की हत्या कर दी गयी जबकि इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त 39 वर्षीय शिवशंकर महाराणा एवं 25 वर्षीय सतीश गोप के रूप में की गई है। जबकि इस मारपीट में सामु बोयपाई घायल हो गया, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक घटना हड़िया गोदाम में हड़िया (चावल से बना हुआ नशीला पेय पदार्थ) पीने के दौरान मंगलवार देर शाम हुई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। तांतनगर के थाना प्रभारी राहुल कुमार राम ने बताया कि खाने-पीने के दौरान विवाद होने पर यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते दिनों झारखंड के हजारीबाग में सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदायों में हुई झड़प हुई थी जिसमें 17 वर्षीय किशोर रूपेश कुमार पांडेय की हत्या कर दी गई थी। पांडेय की हत्या के बाद हजारीबाग एवं आसपास के चार जिलों रामगढ़, चतरा, गिरिडीह, कोडरमा में फैले सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए इन जिलों में इंटरनेट सेवा ठप कर दी गई थी। पुलिस ने दावा किया कि किशोर की हत्या में शामिल और दंगा फैलाने की कोशिश करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।