झारखंड:धनबाद में बीजेपी नेता की मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने गोली मारकर की हत्या
By भाषा | Updated: August 20, 2020 00:22 IST2020-08-20T00:22:12+5:302020-08-20T00:22:12+5:30
पुलिस अधीक्षक (नगर) आर रामकुमार ने बताया, ‘‘ यह घटना निकट के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। हमने जांच शुरू की है। हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।’’

प्रतीकात्मक तस्वीर
धनबाद: धनबाद के बैंक मोड़ क्षेत्र में बुधवार को वाहन से बाहर निकलते ही 40 वर्षीय भाजपा नेता की मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि धनबाद शहर में पार्टी के केंदुआ इकाई के उपाध्यक्ष सतीश सिंह मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे तभी चेहरा ढके दो लोग पीछे से मोटरसाइकिल से आए और उनके सिर पर करीब से गोली मार दी और घटनास्थल से फरार हो गए।
सिंह को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक (नगर) आर रामकुमार ने बताया, ‘‘ यह घटना निकट के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। हमने जांच शुरू की है। हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।’’
धनबाद सदर के विधायक राज सिन्हा ने इसे राजनीतिक हत्या करार दिया है। सिंह को सिन्हा का करीबी माना जाता था। सिन्हा ने कहा, ‘‘ सतीश एक लोकप्रिय नेता के रूप में उभर रहे थे इसलिए उनकी हत्या कर दी गई।’’ हालांकि उन्होंने किसी पार्टी का नाम नहीं लिया और आरोप लगाया कि यह धनबाद में खराब होती कानून-व्यवस्था का संकेत है।