बिहार के इस जिले में दुर्गा पूजा का मेला देखने गई दो नाबालिग लड़कियों को अगवा कर किया गया गैंगरेप, पीड़िता की हालत गंभीर
By पल्लवी कुमारी | Updated: October 7, 2019 12:49 IST2019-10-07T12:49:58+5:302019-10-07T12:49:58+5:30
घटना बिहार के सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र की है। मेला देखने 5 अक्टूबर को दोनों लड़कियां गांव की महिलाओं के साथ गई थी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
बिहार के सुपौल जिले में दो नाबालिग लड़कियों के साथ चार लोगों ने अगवा कर गैंगरेप किया है। दोनों नाबालिग लड़कियां दुर्गा पूजा का मेला देखने गई थी। दोनों नाबालिग लड़कियां मेला देखकर वापस आ रही थी, जब उनके साथ रेप किया गया। घटना के बाद दोनों लड़कियां किसी तरह अपने घर पहुंची और सारी हकीकत बताई।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद दोनों लड़कियां दहशत में हैं और उनकी हालत गंभीर है। पीड़िता को मेडिकल के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया है। मामला निर्मली थाना में दर्ज है। शिकायत दर्ज होने के बाद जरौली गांव निवासी बिमला कामत के 25 वर्षीय पुत्र आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पीड़िता मेला देखने गांव की महिलाओं के साथ गई थी। रात करीब 9 बजे के बाद दोनों लड़कियों को दो अलग-अलग बाइक सवार चार लड़कों ने मिलकर अगवा किया और फिर दोनों लड़कियों को जरौली गांव की तरफ ले जाकर झाड़ी में बारी-बारी से रेप किया।
पुलिस पीड़िता के परिवार से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और बाकी आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।